उत्तरप्रदेश से फिर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. औरैया जिले के दिबियापुर थाना क्षेत्र के सेहुद गांव में गुरुवार को एक महिला और उसकी 3 मासूम बच्चियों के शव घर में फांसी पर लटके मिले हैं. इस घटना का पता चलते ही पूरे इलाके में सनसनी मची हुई है. प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है.
घटना की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित के साथ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच-पड़ताल में जुटे हैं. गांव वालों का कहना है कि महिला और उसके पति के बीच काफी लंबे समय से विवाद चल रहा था. ऐसे में यही प्रतीत होता है कि महिला ने बेटियों के साथ आत्महत्या कर ली हो.
जानकारी के मुताबिक सेहुद गांव में गुरुवार को कुलदीप कुमार की पत्नी व 3 छोटी-छोटी बच्चियों के शव एक साथ घर में फांसी पर लटके मिले हैं. कुलदीप मेहनत-मजदूरी करता है, वह गुरुवार की सुबह भी मजदूरी के लिए दिबियापुर गया था. दोपहर में जब घर लौटा तो दरवाजा बंद मिला. उसने काफी आवाज लगाई, जब दरवाजा नहीं खुला तो वह पड़ोसी की छत से अपने घर में गया
घर में घुसते ही कमरे के भीतर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए. कमरे में उसकी पत्नी एवं तीनों बेटी के शव फांसी पर लटके हुए थे. उसकी तीन बेटियों में बड़ी बेटी 7 वर्ष, दूसरी 6 वर्ष और सबसे छोटी 6 माह की थी.
