सीएम भूपेश बघेल की घोषणा पर हुआ अमल, बेमेतरा जिले के दाढ़ी में उप-तहसील का हुआ शुभारंभ

रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा के परिपालन में आज एक अक्टूबर को बेमेतरा जिले की दाढ़ी में उप-तहसील का शुभारंभ विधायक गुरुदयाल बंजारे की विशेष मौजूदगी में हुआ। उप-तहसील का संचालन ग्राम-दाढ़ी स्थित पुराने पंचायत भवन में किया जा रहा है।

यहां यह उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दाढ़ी क्षेत्र के लोगों की राजस्व संबंधी समस्याओं के निदान के लिए ग्रामीणों के आग्रह पर जनचौपाल कार्यक्रम मे दाढ़ी को उप तहसील देने की घोषणा की थी। ग्राम दाढ़ी में उप तहसील कार्यालय शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को अपने राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण में मदद मिलेगी। यहां सप्ताह में दो दिन लगने वाले लिंक कोर्ट का फायदा भी ग्रामीणों एवं किसानों को होगा।

दाढ़ी अंचल के लोगों को अब अपने राजस्व मामलों के लिए बेमेतरा नहीं जाना पड़ेगा। उप तहसील कार्यालय के शुभारंभ अवसर पर अपर कलेक्टर संजय कुमार दीवान, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व दुर्गेश कुमार वर्मा, तहसीलदार बेमेतरा अजय कुमार चंद्रवंशी, उप तहसील दाढ़ी के प्रभारी नायब तहसीलदार राजकुमार मरावी, नायब तहसीलदार रोशन साहू, दाढ़ी क्षेत्र के सभी राजस्व निरीक्षक, पटवारी, ग्राम पंचायत के सभी पदाधिकारी, जनपद पंचायत अध्यक्ष बेमेतरा कुमारी बाई जायसवाल एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *