रायपुर : प्रयास बालक और कन्या आवासीय विद्यालय के लिए निर्धारित पाठ्यक्रम और असाइनमेंट संबंधी दिशा-निर्देश

कक्षा दसवी और बारहवीं के लिए असाइनमेंट प्रत्येक माह के अंतिम कार्य दिवस में माध्यमिक शिक्षा मंडल की वेबसाइट पर ऑनलाइन उपलब्ध होगा

रायपुर, 3 अक्टूबर 2020

आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा प्रदेश में संचालित प्रयास बालक और कन्या आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2020-21 के लिए निर्धारित पाठ्यक्रम एवं असाइनमेंट संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
सचिव, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास द्वारा सभी जिलों के सहायक आयुक्त आदिवासी विकास और प्रशासकीय अधिकारी प्रयास बालक और कन्या आवासीय विद्यालय को जारी दिशा-निर्देश में कहा गया है कि छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा कोरोना वायरस कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण को दृष्टिगत रखते हुए शैक्षणिक सत्र 2020-21 में शालाओं के प्रारंभ होने की अनिश्चितता और शैक्षणिक कार्य दिवस में कमी को देखते हुए कक्षा दसवी और बारहवीं के मुख्य विषयों के पाठ्यक्रम में 30 से 40 प्रतिशत की कटौती कर असाइनमेंट के माध्यम से मूल्यांकन किए जाने का निर्णय लिया गया है। कक्षा दसवी और बारहवीं के लिए असाइनमेंट प्रत्येक माह के अंतिम कार्य दिवस में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के वेबसाइट पर ऑनलाइन उपलब्ध कराया जाएगा। इसकी सूचना विद्यार्थियों को संबंधित अधिकारियों द्वारा वाट्सअप, मेल, डाक के माध्यम से उपलब्ध कराना है। विद्यार्थी असाइनमेंट का कार्य 10 दिवस में पूर्ण कर वाट्सअप, मेल, डाक (स्पीड पोस्ट या रजिस्टर्ड) के माध्यम से विद्यालय में जमा करेंगे।
प्रशासकीय अधिकारी संबंधित शिक्षक से 5 दिवस में मूल्यांकन पूर्ण कर अंकों की प्रविष्टि निर्धारित समय-सीमा में मंडल की पोर्टल पर कराएंगे। प्रशासकीय अधिकारी माहवार, विद्यार्थीवार असाइनमेंट का रिकार्ड संधारित कर संपूर्ण कार्य का मूल्यांकन और मॉनिटरिंग करेंगे और समय-समय पर मुख्यालय को भी अवगत कराएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *