बेटा चाहती थी महिला, बेटी हुई तो नदी में डुबोकर मार डाला

भोपाल: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जिले के सलेहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले छिजौरा गांव में एक मां ने पुत्र की चाहत में 12 दिन की दुधमुंही बेटी को नदी में डुबोकर मार डाला। यह हृदयविदारक घटना 29 सितंबर की है। पिता ने अपनी 12 दिन की बच्ची के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस दौरान आरेपी मां पुलिस व परिजनों को भ्रमित करती रही। बाद में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने शनिवार को आरोपी महिला को अरेस्ट कर लिया। 27 वर्षीय दिनेश पिता रामाधार कुशवाहा ने बताया कि 29 सितंबर की रात को वह, पत्नी सुमन कुशवाहा और साला देवीदीन सो रहे थे। सुबह लगभग चार बजे पत्नी ने जगाकर बताया कि वह दैनिक क्रिया के लिए गई हुई थी, जब वापस आई तो बच्ची चारपाई पर नहीं थी। दूसरे दिन सलेहा पुलिस व डायल 100 ने खोजबीन शुरू की तो गुड़ने नदी में नवजात का शव पानी में तैरता पाया गया।

पुलिस ने जब मृतका की मां व पिता समेत अन्य परिवार वालों से पूछताछ की तो आरोपित सुमन कुशवाहा ने बताया कि वह बेटी के जन्म से खुश नहीं थी। वह बेटा चाहती थी। रात में उसने दुधमुंही बच्ची को उठाकर गुड़ने नदी के पनघटा घाट में ले जाकर डुबाकर मार डाला । इसके बाद बच्ची के लापता होने की कहानी बनाकर पति को गुमराह करने लगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी महिला को अरेस्ट कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *