दुर्ग, 6 अक्टूबर 2020। जिले में कोरोना संक्रमण को बढ़ने से रोकने के लिये सोमवार से सघन कोरोना सर्वे अभियान शुरू किया गया है। इसके लिए गठित टीम घर-घर जाकर कोविड-19 से सम्बंधित लक्षण वाले मरीजों की पहचान कर रही है। इस कार्य में जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन व महिला पुलिस स्वयंसेविका महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
मैदानी स्तर पर कोरोना से निपटने के लिए घर-घर सघन सर्वे में कोविड-19 से सम्बंधित लक्षण वाले लोगों की जानकारियां जुटाई जा रही हैं। सर्वे टीम के द्वारा उच्च जोखिम वाले-60 वर्ष से अधिक, गर्भवती महिला, 5 वर्ष के कम आयु के बच्चे, उच्च रक्तचाप, डायबीटीज से ग्रसित व्यक्ति, कैंसर अथवा किडनी रोग से ग्रसित व्यक्ति, टी.बी. रोग, सिकल सेल, एड्स से पीड़ित लोगों की पहचान की जा रही है। कोविड-19 के संक्रमण में गंभीर रोगों से पीड़ित व्यक्तियों में सर्दी, खांसी, बुखार व गले में खराश जैसे लक्षण वाले लोगों की घर-घर जाकर पहचान की जा रही है।
दुर्ग ग्रामीण परियोजना क्षेत्र के रसमड़ा सेक्टर के 9 ग्राम पंचायतों में 5 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक घरों में सघन कोरोना सर्वे अभियान के लिए टीम पहुंच रही हैं। इस दौरान टीम लोगों से सोशल डिसटेंसिंग का पालन करने व मास्क लगाने के लिए भी प्रेरित कर रही हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग की महिला सुपरवाइजर सुश्री शशी रैदास ने बताया, रसमड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत 9 ग्राम पंचायत कोटमी, मोहलाई, महमरा, खपरी, रसमड़ा, गनियारी, पीपरछेड़ी, दमोदा, खुरसुल में लगभग 25,000 लोगों का सर्वे करने के लिये 28 टीमें बनाई गयीं है। प्रत्येक टीम को प्रति दिन 30 से 50 घरों में जाकर परिवार के सभी सदस्यों की स्वास्थ्य से संबंधित जानकारियों को एकत्रित करना है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मितानिन व महिला पुलिस स्वयंसेविका को सर्वे टीम में शामिल कर स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों के तहत यह अभियान चलाया जा रहा है।
ग्राम गनियारी की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती मीना देवदास ने बताया, सर्वे के दौरान लक्षणयुक्त मरीजों अर्थात सर्दी-खांसी या बुखार से ग्रसित लोग होने पर उन्हें संभावित मरीज मानकर कोरोना जांच के लिए एंटीजन टेस्ट किया जाएगा। इसके लिए गांव के आसपास रसमड़ा पीएचसी में टेस्टिंग सेंटर बनाए गए हैं, जहां दूसरे दिन मरीजों का सैंपल किट में डालकर रिपोर्ट बताई जाएगी। सर्वे में मिले लक्षणयुक्त मरीजों की जांच के बाद कोरोना पॉजिटिव मिलने पर उन्हें कोविड अस्पताल या होम आइसोलेशन के माध्यम से इलाज की सुविधा दी जाएगी।
सीएमएचओ डॉ. गंभीर सिंह ठाकुर ने जिले के लोगों से घर पहुंचने वाले सर्वे दल को स्वास्थ्य की सही जानकारी देने की अपील की है। उन्होंने ने कहा सघन कोरोना सर्वे सामुदायिक संक्रमण को रोकने में बहुत महत्वपूर्ण अभियान है। इसमें कोरोना लक्षण वाले लोगों की जल्द पहचान कर जांच कराई जाएगी। कोरोना पॉजिटिव लोगों की जल्द पहचान होने से कोरोना संक्रमण को रोकने में मदद मिलेगी ।
सघन कोरोना सर्वे के लिये आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दे रहे घर-घर दस्तक
