वकील बेटे ने पूजा कर रहे रिटायर्ड शिक्षक पिता को गोलियों से भूना, मां को भी मार डाला

बरेली: उत्‍तर प्रदेश के बरेली जिले के ग्रामीण क्षेत्र के मीरगंज थाने के बहरोली गांव में वकील बेटे ने अपने सेवानिवृत्त अध्यापक पिता और मां की मंगलवार सुबह गोली मारकर हत्‍या कर दी. घर में सुबह पूजा-पाठ कर रहे पिता को वकील बेटे ने पहले अपशब्‍द कहे और बात बढ़ने पर पिता और मां को गोली मार दी. इससे बुजुर्ग दंपति की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, पिता और बेटे के बीच प्रथम दृष्‍टया संपत्ति का विवाद सामने आया है.

पुलिस ने बताया कि बुजुर्ग दंपत्ति लालता प्रसाद गंगवार (76) और उनकी पत्‍नी मोहनी देवी (70) सुबह पूजा-पाठ कर रहे थे. अचानक बेटे दुर्वेश ने आकर मां-बाप को अपशब्द कहे और मारपीट करने लगा. इसके बाद बात बढ़ने पर उसने गोली चला दी जिससे बुजुर्ग दंपत्ति की मौके पर ही मौत हो गई. आरोपी फरार हो गया. वारदात की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवाण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे

एसएसपी सजवाण ने बताया कि आरोपी दुर्वेश गंगवार संपत्‍त‍ि के बंटवारे को लेकर बुजुर्ग मां-बाप से नाराज था. उन्होंने बताया कि वकील दुर्वेश अपनी पत्‍नी और बच्‍चों के साथ मीरगंज की टीचर्स कालोनी में रहता था. आरोपी बेटे को लगता मां-बाप ने उसके भाई उमेश को ज्‍यादा संपत्‍त‍ि दे रखी थी और उसे ही हर तरह से सहयोग करते थे. सजवाण ने बताया कि दुर्वेश तड़के पांच बजे गांव पहुंचा और पहले भजन-पूजा कर रहे पिता लालता प्रसाद और मां मोहनी देवी से मारपीट की. इसके बाद उसने दोनों की गोली मारकर हत्‍या कर दी.

एसएसपी ने बताया कि घटना के पीछे परिवार में जमीन का विवाद सामने आया है. पुलिस कानूनी कार्रवाई में जुटी है, आरोपी की तलाश जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *