मोहन मरकाम 18 दिनों के मरवाही दौरे पर, कार्यकर्ताओं से करेंगे मुलाकात

मरवाही, छत्तीसगढ़। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम आज से 18 दिनों के लिए मरवाही दौरे पर रहेंगे। उपचुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उन्हें चार्ज करेंगे। वहीं आज रमन सिंह और धरमलाल कौशिक भी मरवाही जाएंगे। बीजेपी प्रत्याशी डॉ गंभीर सिंह के नामांकन में शामिल होंगे। नामांकन के बाद रमन सिंह सभा को भी संबोधित करेंगे।

मरवाही विधानसभा सीट पर उपचुनाव 3 नवंबर को होगा, जबकि नतीजा 10 नवंबर को आएगा। यह कोरोना संक्रमण के बीच छत्तीसगढ़ में पहला चुनाव होगा। इसकी वजह से इस उपचुनाव में आयोग ने वोटर्स को संक्रमण से बचाने कई बदलाव किए हैं। वोटिंग के एक दिन पहले सभी मतदान केंद्रों को सैनिटाइज किया जाएगा। मतदान केंद्र में वोटरों की थर्मल स्क्रीनिंग भी होगी।

ऐसे मतदाता, जिनका तापमान ज्यादा रहेगा वो सबसे आखिरी में बचे हुए एक घंटे में ही वोट डाल पाएंगे। मतदाताओं को हाथ धोने के लिए मतदान केंद्र के एंट्री गेट पर साबुन पानी और सैनिटाइजर का बंदोबस्त भी रहेगा। फिजिकल दूरी के लिए हर बूथ पर वर्गाकार डिब्बे भी बनाए जाएंगे। कतार में हर मतदाता के बीच 6 फीट का फासला होगा। वोटर्स को हैंडग्लब्स भी दिए जाएंगे। 9 से 16 अक्टूबर तक नामांकन पत्र भरे जा सकेंगे। 17 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, उम्मीदवार 19 अक्टूबर तक नाम वापस ले सकेंगे।

दरअसल, यह सीट पूर्व सीएम अजीत जोगी के निधन के बाद खाली हुई है। 237 मूल मतदान केंद्रों के अलावा 49 सहायक पोलिंग बूथ भी बनाए गए हैं। एक मतदान केंद्र में अधिकतम एक हजार वोटर रहेंगे। 2018 के विधान सभा के दौरान यहां 237 पोलिंग बूथ बनाए गये थे। इस बार 286 बूथों पर वोटिंग होगी इनमें 126 संवेदनशील मतदान केंद्र हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *