नवरात्रि पर डोंगरगढ़ में ट्रेनों का नहीं होगा विशेष स्टापेज

डोंगरगढ़, छत्तीसगढ़। कोरोना महामारी के चलते इस बार नवरात्रि के दौरान डोंगरगढ़ में ट्रेनों का विशेष स्टाॅपेज नहीं होगा। दर्शनार्थियों को बम्लेश्वरी मंदिर में प्रवेश नहीं मिलेगा। वहीं डोंगरगढ़ के लिए बिलासपुर से चलने वाली स्पेशल ट्रेनें भी नहीं चलेंगी। इसके अलावा डोंगरगढ़ का प्रशासन चल रही ट्रेनों का स्टॉपेज भी बंद करवाएगा।

जिला कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने बिलासपुर, रायपुर, जांजगीर चांपा, कोरबा और रागयढ़ के कलेक्टरों को पत्राचार कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि कोविड-19 के चलते मंदिर में मेला और बड़े पैमाने पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। इसे ही रोकने के लिए स्थानीय प्रशासन ने कुछ कड़े फैसले किए हैं।

जिसे अमल में लाने के लिए अन्य जिलों के अधिकारियों से सहयोग की मांग हुई है। हर नवरात्रि में हजारों की संख्या में रेल और अन्य माध्यमों से दर्शनार्थी मां बम्लेश्वरी का दर्शन करने डोंगरगढ़ पहुंचते हैं। इनकी संख्या लाखों में होती है। इसके चलते रेल में बर्थ नहीं मिलती और मुसाफिरों को कई परेशानी होती है।

हर बार इसके लिए स्पेशल ट्रेन चलाई जाती है। भीड़ और दूसरी दिक्कतों के कारण रेलवे कई एक्सप्रेस ट्रेनों का स्टापेज डोंगरगढ़ में देता आया है। पर इस बार परिस्थितियों को देखते हुए ऐसा कुछ भी होना असंभव दिख रहा है, जिला कलेक्टर ने सरकारी निर्देशों का हवाला देते हुए इस बार ऐसी सारी गतिविधियों पर रोक लगाने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *