Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के उपचुनाव में आइटम शब्द से बवाल मचा है. उपचुनाव में सभी भाषायी मर्यादाएं टूट रही है. बता दें कि बीते रविवार को मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शिवराज सरकार में मंत्री इमरती देवी को ‘आइटम’ कह दिया था. इस शब्द पर आपत्ति जताते हुए जहां भाजपा हमलावर हुई थी, वहीं राहुल गांधी ने भी कमलनाथ को फटकार लगाई थी. इसपर कमलनाथ ने कहा था कि ‘आइटम अपमानजनक शब्द नहीं है, विधायक का नाम नहीं याद आ रहा था, इसलिए ऐसा बोल दिया.
इसके चार दिन बाद अब इमरती देवी ने भी उसी आइटम शब्द का इस्तेमाल किया है और उन्होंने कमलनाथ को बंगाल का आदमी और उनकी मां और बहन को आइटम कह दिया है. इसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसे कांग्रेस प्रवक्ता आचार्य प्रमोद ने शेयर किया है. इसमें इमरती मीडिया से बातचीत कर रही हैं.
छिन्दवाड़ा से 10 बार लोकसभा पहुँचने वाले, संसद के “वरिष्ठ” सदस्य पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनकी स्वर्गीय माँ के लिये इमरती देवी के “मधुर”
वीडियो में इमरती कह रही हैं, ‘वो बंगाल का आदमी है, वो मध्य प्रदेश में आया सिर्फ मुख्यमंत्री बनने के लिए. उसे बोलने की सभ्यता नहीं है तो उस व्यक्ति को क्या कहा जाए? वो मुख्यमंत्री पद से हट गया तो पागल हो गया और अब पागल बनकर पूरे प्रदेश में घूम रहा है तो उसका हम क्या कर सकते हैं. वह कुछ भी कह सकता है. वो मेरे प्रदेश का आदमी ही नहीं है, उसकी मां और बहन बंगाल की आइटम होंगी, तो हमें ये पता थोड़ी है.’
इमरती ने पहले भी कहा था- ‘वह (कमलनाथ) बंगाल से आया है और उसको बोलने की सभ्यता नहीं है. ईसीलिए एक हरिजन महिला की इज्जत करना वह क्या जानता है? ऐसे लोगों को मध्य प्रदेश में रहने का कोई हक नहीं है. उसे यहां से बाहर कर देना चाहिए.’
बता दें कि कमलनाथ के इमरती देवी को आइटम कहने के बाद उपजे इस विवाद के 45 घंटे बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा था, ‘कमलनाथ भले ही मेरी पार्टी के हैं, वे चाहे जो भी हों, लेकिन जिस भाषा का उन्होंने इस्तेमाल किया है, मैं निजी तौर पर उसे पसंद नहीं करता.’ राहुल की फटकार के बावजूद कमलनाथ ने माफी मांगने से इनकार कर दिया था.
