बिहार विधानसभा के पहले चरण के चुनाव से पहले खूनी खेल शुरू हो चुका है. बिहार के शिवहर जिले में जनता दल (राष्ट्रवादी) के प्रत्याशी श्रीनारायण सिंह की अपराधियों ने उस समय गोली मारकर हत्या कर दी, जब वे जनसंपर्क अभियान में हथसार गांव पहुंचे थे. वहीं प्रत्याशी के समर्थकों ने एक हत्यारे को मौके से दबोच लिया, जिसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई
पिपराही थाना क्षेत्र के हथसार गांव में अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं, जिसमें प्रत्याशी श्रीनारायण सिंह समेत चार लोगों को गोली लगी. घटना में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग इलाजरत हैं. वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोगों ने तीन हमलावरों को पकड़ लिया गया जिसमें एक को बुरी तरह पीटा गया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
थाना प्रभारी गुप्ता ने बताया कि घटना को अंजाम देकर भाग रहे अपराधियों में से एक अपराधी को सिंह के कार्यकर्ताओं ने पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसकी भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की अब तक पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस अभी घटना के कारणों को लेकर कुछ भी बोलने से परहेज कर रही है. इधर, सूत्रों का कहना है कि मृतक पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. सूत्र इसे आपसी विवाद में हत्या बता रहे हैं.
शिवहर के एसडीपीओ राकेश कुमार ने बताया कि जांच में पता चला है कि आरोपी प्रत्याशी के समर्थक बनकर भीड़ में शामिल हुए थे और मौका लगते ही उन पर फायरिंग कर दी. फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है.
