8 दिन तक रखा उपवास, 9वें दिन कर दिया पत्नी का क़त्ल, नरबलि की आशंका

रायपुर: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में एक पति ने नवरात्र में आठ दिनों तक व्रत रखने के बाद रात में अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। पत्नी का शव पूजा वाले कमरे में मिला है। पुलिस ने जब मौके पर पहुंचकर जांच की तो कमरे को देखकर लगा कि पति ने पत्नी की नरबलि दी है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि आरोपी झाड़फूंक का काम करता है।

घटना सरगंवा गांव में शुक्रवार-शनिवार की रात की है। आरोपी पति का नाम सब्बल है। उसने अपनी पत्नी के शरीर पर आधे दर्जन से अधिक वार करके उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। लेकिन वह बार-बार अपना बयान बदल रहा है, उसका कहना है कि उसे पत्नी के चरित्र पर संदेह था। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है। दरअसल, आरोपी के घर बीती रात को कुछ रिश्तेदार आए थे। सुबह जब उसकी बहू उठी तो उसने उसे बताया कि पूजा के कमरे में सास की लाश पड़ी है। बहू ने इसकी जानकारी अपने पति को दी और गांवावालों ने पुलिस को इस संबंध में सूचित किया।

टीआई अनूर एक्का ने जानकारी देते हुए बताया है कि आरोपी नवरात्र के व्रत रखकर पूजा-अर्चना कर रहा था। परिजनों ने बताया कि आरोपी अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट किया करता था। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। वह चरित्र पर संदेह की बात कह रहा है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *