PDP अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती (Mehbooba Mufti) के हालिया बयान पर नाराजगी जताते हुए गुजरात के उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल (Nitin Patel) ने कहा कि जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री को अगर भारत और उसके कानून पसंद नहीं हैं तो उन्हें सपरिवार पाकिस्तान चले जाना चाहिए. वडोदरा के कुराली गांव में उपचुनाव के लिए एक सभा को संबोधित करते हुए पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह देश की सुरक्षा के लिए नागरिकता संशोधन कानून लाए और उन्होंने अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को समाप्त किया
उन्होंने कहा, ‘महबूबा पिछले दो दिन से अनर्गल बयान दे रही हैं. उन्हें हवाई टिकट खरीदने चाहिए और अपने परिवार के साथ कराची चले जाना चाहिए. सभी के लिए यह ठीक होगा.’ उन्होंने कहा, ‘अगर वह चाहें तो करजन तालुका की जनता उन्हें हवाई टिकट खरीदने के लिए पैसे भेज देगी.’ पटेल ने कहा, ‘जिन्हें भारत पसंद नहीं है या सरकार द्वारा बनाये गये CAA जैसे कानून या अनुच्छेद 370 का समाप्त करना पसंद नहीं हैं? उन्हें पाकिस्तान चले जाना चाहिए.
बता दें कि लगभग 14 महीने बाद रिहा होने वालीं महबूबा मुफ्ती ने बीते दिनों कहा था कि मैं जम्मू-कश्मीर के अलावा दूसरा कोई झंडा नहीं उठाऊंगी. महबूबा मुफ्ती ने कहा कि जिस वक्त हमारा ये झंडा वापस आएगा, हम उस झंडे को भी उठा लेंगे. मगर जब तक हमारा अपना झंडा वापस आ नहीं जाता है तब तक हम किसी और झंडे को हाथ में नहीं उठाएंगे.
हाल ही में कानून मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने महबूबा मुफ्ती पर भारतीय ध्वज का ‘अनादर’ करने का आरोप लगाते हुए इस बात पर जोर दिया कि अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधान संवैधानिक तरीके से समाप्त किये गए थे और इसे बहाल नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा, ‘महबूबा मुफ्ती का यह कहना तिरंगे की पवित्रता का अपमान है कि वह तब तक तिरंगा नहीं थामेंगी जब तक कश्मीर का झंडा दोबारा बहाल नहीं किया जाता.’ साथ ही रवि शंकर प्रसाद ने ये भी कहा कि अनुच्छेद 370 दोबारा लागू नहीं होगा.
