Bihar Election 2020: पहले चरण की 71 सीटों पर मतदान शुरू, 8 मंत्रियों समेत कई दिग्गजों की किस्मत का होगा फैसला

बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Chunav 2020) में पहले चरण के लिए आज 71 सीटों पर मतदान  (Bihar Election Voting) शुरू हो गया है. इन सीटों पर मतदान के साथ ही 1066 उम्मीदवारों का भाग्य EVM में बंद हो जाएगा. आज होने वाले चुनाव में आठ मंत्री समेत 952 पुरुष व 114 महिला प्रत्याशी मैदान में हैं. वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू होगी. कोरोना काल में होने वाले इस चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने पूरी तैयारी कर ली है. चुनाव आयोग के अनुसार बिहार में पहले चरण (Bihar First Phase Election) के चुनाव में 2.14 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इनमें 1 करोड़ 12 लाख, 76 हजार 396 पुरुष, 1 करोड़ 01 लाख 29 हजार 101 महिला और 599 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं. पहले चरण के मतदान में 4 लाख 45 हजार 628 नये वोटर अपना वोट डालेंगे

इन नियमों का पालन जरूरी
COVID-19 के बीच हो रहे चुनाव को लेकर आयोग ने सुरक्षित मतदान के लिए कई जरूरी गाइडलाइंस जारी किए हैं. चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी मतदान केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए मतदान होगा. सभी मतदान केंद्रों पर एक हजार मतदाता मतदान में शामिल होंगे. मतदाताओं को मास्क, गमछा या तौलिया से मुंह ढककर मतदान के लिए जाना होगा. केंद्रों पर थर्मल थर्मामीटर से मतदाताओं के शरीर के तापमान की जांच होगी, उनके हाथ सैनिटाइज कराए जाएंगे और इसके बाद ग्लब्स पहनकर मतदान करना होगा. इसके साथ ही 80 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए पोस्टल बैलेट की सुविधा उपलब्ध कराई गई है.

करीब 500 कंपनियों की तैनाती
चुनाव में सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किये गए हैं. पहले चरण के चुनाव को लेकर सभी मतदान केंद्रों पर अर्द्वसैनिक बलों की तैनाती की गई है. चुनाव को लेकर केंद्रीय पारा मिलिट्री फोर्स की 483 कंपनियों को तैनात किया गया है. वहीं, विशेष हेलीकॉप्टर से अर्द्धसैनिक व पुलिस बलों के वरीय अधिकारी व जवान आकाश मार्ग से निगरानी रखेंगे.

31 हजार से अधिक EVM का इस्तेमाल
पहले चरण के चुनाव में 31 हजार 380 EVM व 31,403 बैलेट यूनिट का इस्तेमाल किया जाएगा. वहीं, मतदाताओं को मतदान के बाद अपने वोट को देखने के लिए 31,380 वीवीपैट को उपयोग में लाया जाएगा.

इन सीटों पर  मतदान
पहले चरण में 16 जिलों के 71 सीटों पर मतदान होगा. इनमें कहलगांव, सुल्तानगंज, अमरपुर, धोरैया (SC), बांका, कटोरिया (ST), बेलहर, तारापुर, मुंगेर, जमालपुर, सूर्यगढ़, लखीसराय, शेखपुरा, बारबीघा, मोकामा, बाढ़, मसौढ़ी (SC), पालीगंज, बिक्रम, संदेश, बराहरा, आरा, अगियांव (SC), तरारी, जगदीशपुर, शाहपुर, ब्रह्मपुर, बक्सर, दुमरांव, रायपुर (SC), मोहनिया (SC), भाबुआ, चैनपुर, चेनारी (SC), सासाराम, करगहर, दिनारा, नोखा, देहरी, कराकट, अरवल, कुर्था, जेहानाबाद, घोसी, मखदूमपुर (SC), गोह, ओबरा, नबी नगर, कुटुम्बा (SC), औरंगाबाद, रफीगंज, गुरुआ, शेरघाटी, इमामगंज, (SC), बाराचट्टी (SC), बोधगया (SC), गया टाउन, टीकरी, बेलागंज, अतरी, वजीरगंज, राजौली (SC), हिसुआ, नवादा, गोबिंदपुर, वरसालीगंज, सिकंदरा (SC), जमुई, झाझा, और चकाई शामिल हैं.

पहले चरण में इन 8 मंत्रियों के किस्मत का होगा फैसला

1. विजय कुमार सिन्हा: BJP नेता और श्रम मंत्री
2. रामनारायण मंडल: राजस्व मंत्री
3. कृष्ण नंदन वर्मा: JDU नेता और बिहार के शिक्षा मंत्री
4. बृजकिशोर बिंद: अनुसूचित जाति जनजाति कल्याण मंत्री
5. संतोष कुमार निराला: JDU नेता और परिवहन मंत्री
6. शैलेश कुमार: ग्रामीण कार्य मंत्री और JDU नेता
7. जय कुमार सिंह: बिहार सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री
8. डॉ प्रेम कुमार: कृषि मंत्री और BJP नेता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *