अगले 20 दिनों तक पूरे देश में त्यौहारों की धूम रहेगी और इस दौरान लोग अपने घरों को जाएंगे लेकिन त्यौहारों की खुशियों के बीच सबसे बड़ी चिंता ट्रेन में कंफर्म टिकट है. रेलवे बोर्ड के चेयरमैन वीके यादव ने वेटिंग टिकट को लेकर एक बड़ा बयान दिया है. अगर आपने भी त्यौहारी सीजन में घर जाने का प्लान किया है और आपके पास ट्रेन की वेटिंग टिकट है तो इस खबर पर ध्यान दें
रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष वी के यादव ने प्रेस कॉंफ्रेंस में कहा कि किसी को भी वेटिंग टिकट में यात्रा करने की इजाजत नहीं दी गई है. इसलिए अगर आपके पास भी वेटिंग टिकट है और यात्रा के दिन तक कंफर्म नहीं होता तो चार्ट बनने से चार घंटे पहले कैंसिल करवा दें वरना आपको भारी नुकसान हो सकता है.
तीन स्टॉपेज तक यात्री का होगा इंतजार
आपको बता दें कि रेलवे में यह नियम है कि यदि कोई कंफर्म टिकट वाला स्टेशन से गाड़ी पर नहीं चढ़ता तो टीटी अगले तीन स्टॉपेज तक उस व्यक्ति का इंतजार करता है और फिर अगर तीन स्टॉपेज के बाद भी वह नहीं आता तो वो सीट खाली मानी जाती और किसी वेटिंग लिस्ट वाले व्यक्ति का टिकट कंफर्म हो जाता है और उसे वह सीट मिल जाती है.
यह कोरोना संकट का दौर है और इस समय ट्रेनों में सिर्फ कंफर्म टिकट वालों को यात्रा करने की इजाजत दी गई है. ऐसे में अगर ट्रेन में कोई सीट खाली भी रह जाती है तो रेलवे का यह नियम वेटिंग लिस्ट वालों के किसी काम का नही है.
कोरोना काल में लॉकडाउन के बाद से रेलवे लगातार लोगों की यात्रा को सुविधाजनक बनाने की कोशिश में लगा हुआ है. वी के यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल रेलवे अभी 736 स्पेशल ट्रेनें रहा है. 2276 मुंबई सबअर्बन ट्रेनें चलाई जा रही है जबकि वहीं त्योहारों को देखते हुए 436 फेस्टिव स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही है, उन्होंने कहा कि ये सभी फेस्टिव सीजन ट्रेने 30 नवंबर तक चलाई जाएंगी.
