HappyDiwali2020: दीपों का त्योहार दिवाली आज पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है. इस अवसर पर देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर देशवासियों को दिवाली की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. राष्ट्रपति कोविंद ने अपने ट्वीट में लिखा है कि दीवाली के शुभ अवसर पर, मैं सभी देशवासियों और विदेश में बसे सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। मेरी कामना है कि खुशियों और प्रकाश का यह महापर्व, देश के हर घर में सुख, शांति और समृद्धि का संचार करे.
राष्ट्रपति ने अपने अगले ट्वीट में लिखा है कि दीवाली स्वच्छता का भी उत्सव है इसलिए हम प्रदूषण से मुक्त, पर्यावरण के अनुकूल और स्वच्छ दीवाली मनाकर प्रकृति का भी सम्मान करें
यह पर्व हमें मानवता की सेवा की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित करता है. आइए संकल्प करें कि जिस प्रकार एक जलता हुआ दीपक अनेक दीपकों को प्रज्ज्वलित कर सकता है, उसी प्रकार से हम समाज के निर्धन, बेसहारा और जरूरतमंद लोगों के जीवन में खुशियां बांटते हुए आशा एवं समृद्धि का दीप बनें.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा है-सबको दिवाली की शुभकामनाएं…
इससे पहले पीएम मोदी ने दिवाली की पूर्व संध्या पर ट्वीट कर लिखा कि ‘इस दीपावली हम सभी एक दीया उन सैनिकों के सम्मान में जलाएं जो निडर होकर देश की रक्षा करते हैं. सैनिकों की अनुकरणीय बहादुरी के लिए उनके प्रति शब्दों से कृतज्ञता ज्ञापित करने की भावना न्याय नहीं कर सकती. हम सीमाओं पर डटे सैनिकों के परिवार वालों के प्रति भी कृतज्ञ हैं.’
