पत्नी के साथ अवैध संबंध के शक में बेटे ने 60 वर्षीय पिता को गला दबाकर उतारा मौत के घाट

नई दिल्ली: दिल्ली में एक युवक ने अपने पिता से झगड़े के बाद उनकी कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी. यह जानकारी पुलिस ने रविवार को दी. पुलिस ने बताया कि यह घटना पश्चिम दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में दिवाली के दिन शनिवार दोपहर में घटी.

पुलिस के मुताबिक दिलीप के 24 वर्षीय बेटे अवधेश ने दोनों के बीच झगड़े के बाद एक दुपट्टे से उसकी गला दबाकर हत्या कर दी. पुलिस ने बताया कि दिलीप ओम विहार में रहता था और सब्जी बेचता था.

बताया जा रहा है कि अवधेश को अपने पिता पर अपनी पत्नी के साथ अवैध संबंधों का शक था. हालांकि पुलिस ने कहा कि मामले में अभी जांच चल रही है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अवधेश पिता की हत्या के बाद घर से भाग गया लेकिन उसे जल्द ही पकड़ लिया गया.

अधिकारी ने बताया कि दिलीप के छोटे बेटे अंकित ने पुलिस को घटना की जानकारी दी जो वारदात के समय घर पर नहीं था और बाद में लौटा. पुलिस उपायुक्त (द्वारका) संतोष कुमार मीणा ने कहा, ‘‘हमने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. अपराध के पीछे की मंशा का पता लगाने के लिए जांच चल रही है.’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *