पीएम मोदी ने नीतीश कुमार को दी बधाई, कहा- NDA परिवार मिलकर बिहार का विकास करेगा

नई दिल्ली: नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने आज सातवीं बार सीएम पद की शपथ ली है. एनडीए और बीजेपी से जुड़े कई बड़े नेताओं ने उन्हें बधाई दी है. इसी क्रम में पीएम नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने नीतीश कुमार को एक बार फिर बिहार का सीएम बनने पर बधाई दी है. पीएम नरेंद्र मोदी ने नीतीश कुमार के साथ ही उन लोगों को भी बधाई दी, जिन्हें आज मंत्री बनाया गया है.

पीएम नरेंद्र मोदी ने नीतीश कुमार को बधाई देते हुए कहा कि एनडीए (NDA) परिवार बिहार के विकास के लिए साथ में मिलकर काम करेगा. मैं ये सुनिश्चित करता हूं कि बिहार के विकास के लिए केंद्र सरकार द्वारा हर संभव मदद की जाएगी. बिहार सरकार का सपोर्ट किया जायेगा.

बता दें कि नीतीश कुमार एक बार फिर बिहार के मुख्यमंत्री बन गए हैं. लगातार चौथी बार और कुल सातवीं बार वह बिहार के सीएम बने हैं. समारोह में गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और बीजेपी के बिहार चुनाव के लिए प्रभारी रहे देवेंद्र फडनवीस भी मौजूद रहे. ये सातवाँ मौक़ा है जब वह बिहार की सत्ता संभाल रहे हैं. इसके साथ ही बीजेपी कोटे से इस बार दो डिप्टी सीएम ने भी शपथ ली है. बीजेपी के तार किशोर प्रसाद और रेणु देवी को डिप्टी सीएम बनाया गया है.

इसके साथ ही बीजेपी के मंगल पाण्डेय, जीवेश पाण्डेय, रामप्रीत पासवान, रामसूरत राय और जेडीयू के विजय चौधरी, विजेंद्र चौधरी, अशोक चौधरी, शीला कुमारी, मेवा लाल चौधरी मंत्री बने हैं. इसके साथ वीआइपी के मुकेश सहनी, हम के संतोष के सुमन भी मंत्रिमंडल का हिस्सा बने हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *