पुरुष नसबंदी पखवाड़े का पोस्टर जारी कर धमधा सीएचसी में किया गया अभियान का शुभारंभ

दुर्ग, 21नवंबर 2020। राष्ट्रीय परिवार कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत पुरुष नसबंदी पखवाड़े के प्रथम चरण के जागरुकता मोबिलाइजेशन सप्ताह का शुभारंभ आज धमधा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से पखवाड़े के प्रथम चरण में 21 से 27 नवंबर तक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। पुरुष नसबंदी पखवाड़े के तहत पोस्टर जारी करते हुए प्रचार अभियान का शुभारंभ धमधा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ डॉ. डीपी ठाकुर, द्वारा किया गया । धमधा ब्लॉक के अंतर्गत 4 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोरी, धमधा, कुम्हारी, अहिवारा, 5 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पेड्रावन, बारगांव मुरमुंदा, सुरडूंग, मेडेसरा व 44 उपस्वास्थ्य केंद्र के प्रत्येक ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (पुरुष) को 5-5 पुरुष नसबंदी करवाने का लक्ष्य दिया गया है।
बीएमओ डॉ. ठाकुर ने बताया, पुरुष नसबंदी पखवाड़े में इस वर्ष 200 से अधिक लक्ष्य दंपत्तियों को मोर संगवारी मोर मितान के तहत सामुदायिक स्तर पर जागरुकता के लिए गांवों में चौपाल आयोजित कर प्रेरित किया जाएगा। पुरुषों के अंदर नसंबदी को लेकर शारीरिक कमजोरी यानि पुरुषार्थ में कमी जैसे गलत धारणाओं को मोर मितान मोर संगवारी द्वारा व्यक्तिगत संपर्क कर दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
ब्लॉक स्तर के गांव-गांव में 21 नवंबर से 04 दिसंबर तक चलने वाले पखवाड़े के अंतर्गत समस्त गतिविधियों को कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए मनाया जाएगा। पखवाड़े का उद्वेश्य पुरुष नसबंदी के बारे में समाज में जागरूकता लाना और पुरुषों में नसबंदी को स्वीकार करने के लिए प्रेरित करना है। गत वर्ष धमधा ब्लॉक में 35 पुरुषों ने एनएसवी यानिपुरूष नसबंदी करवाया था। इस वर्ष पुरुष नसबंदी का लक्ष्य दोगुना कर दिया गया है जिसको पूर्ण कराने का प्रयास किया जा रहा है।
बीएमओ ने बताया,” दंपती संपर्क अभियान 21 से  27 नवंबर तक चलेगा और 28 नवंबर से 04 दिसंबर तक द्वितीय चरण में सेवा वितरण सप्ताह मनाया जाएगा। पखवाड़ा में  21 नवंबर से 02 सप्ताह तक मुख्यता वेसेक्टॉमी यानि पुरूष नसबंदी पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा ।  इस सप्ताह के दौरान पुरुष नसबंदी के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।“
स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित होने वाली गतिविधियां
पुरुष नसबंदी के तीन माह उपरांत (जांच में शुक्राणु संख्या शून्य पाए जाने पर) ही प्रमाण पत्र हितग्राही को प्रदान किया जाएगा। साथ ही केंद्र पर पुरुष नसबंदी सेवा और इसके फायदे को प्रदर्शित किया जाएगा। कोविड 19 के सम्बन्ध में भारत सरकार द्वारा निर्देशित समस्त मानकों एवं दिशा निर्देशों का पालन समस्त स्तरों पर  किया जाएगा ।
मोबिलाइजेशन फेस में आयोजित की जाने वाली गतिविधियां
‘मोर मितान मोर संगवारी’ का आयोजन दिशा निर्देश के अनुसार किया जाएगा। अधिक से अधिक प्रचार प्रसार के लिए डिजिटल माध्यम के प्रयोग को बल दिया जाएगा। जिसमें व्यक्तिगत चर्चा और पुरुष नसबंदी के फायदे हितग्राहियों को बताये जाऐंगे। साथ ही पुरुष नसबंदी से संबंधित मिथकों को दूर करने के लिए परामर्श भी प्रदान किया जाएगा। कंटेन्मेंट एवं बफर जोन में मोबाइल वेन की व्यवस्था कर प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
जागरुकता मोबिलाइजेशन सप्ताह के शुभारंभ के अवसर पर डॉ. प्रफूल्ल कुमार धीवर, बीपीएम राजेंद्र वर्मा, बीईटीओ जीएस उद्दे, एलएचव्ही रुखमणी नेताम, मधुलता, आर. सतपथी, आर. कुरैशी, कानन डे, देविका वर्मा, टिकेश्वरी बघेल, पार्वती निषाद, सुनील सोनकर, संजय वर्मा, थानेश्वर साहू, संतोष साहू व संतोष कुंजाम आदि लोग उपस्थित रहे।
—///—

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *