14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए कॉमेडियन भारती सिंह और हर्ष लिम्बाचिया

ड्रग्स रखने के आरोप में गिरफ्तार हुई मशहूर कॉमेडियन भारती सिंह (Bharti Singh) और उनके पति हर्ष लिंबाचिया (Haarsh Limbachiyaa) को मुंबई की एक अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. कॉमेडियन भारती सिंह (Bharti Singh) के घर से गांजा बरामद होने के बाद नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने शनिवार को पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया था. वहीं, आज यानी रविवार को हर्ष लिम्बाचिया (Haarsh Limbachiyaa) को भी गिरफ्तार किया गया.

गिरफ्तारी के बाद उनका मेडिकल करवाया गया और कोर्ट में पेश किया गया. अदालत ने भारती और हर्ष को 4 दिसंबर तक 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है. बता दें कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने हर्ष लिंबाचिया को 15 घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया जबकि भारती को शनिवार को गिरफ्तार किया गया.

NCB की मुंबई ब्रांच के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े ने कहा कि भारती सिंह और हर्ष के खिलाफ ड्रग्स सेवन के आरोप में केस दर्ज किया गया है. NCB की पूछताछ में शनिवार को भारती सिंह और उनके पति हर्ष ने गांजा लेने की बात स्वीकारी थी. NCB को भारती सिंह के घर से छापेमारी के दौरान 86.5 ग्राम गांजा (Weed) भी मिला था.

बता दें कि एक हजार ग्राम गांजा तक को छोटी मात्रा माना जाता है और इसके लिए छह महीने तक की जेल या 10,000 रुपये का जुर्माना या दोनों सजा हो सकती है. वाणिज्यिक मात्रा (20 किग्रा या इससे अधिक) होनेपर 20 साल तक की जेल हो सकती है. इसके बीच की मात्रा के लिए 10 साल की जेल की सजा हो सकती है.

बता दें कि एनसीबी पिछले कुछ महीनों से बॉलीवुड-ड्रग्स माफिया के बीच चल रही सांठगांठ को उजागर करने में जुटी है. इसे सामने लाने के लिए एनसीबी पिछले तीन महीनों से कोशिश कर रही है. यह मामला अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद शुरू हुआ जब 14 जून को वे बांद्रा में अपने अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *