कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित 8 राज्यों के मुख्यमंत्रियों संग PM मोदी की बैठक आज

देश में कोविड-19 के बढ़ते कहर के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) एक बार फिर मुख्यमंत्रियों संग आज बैठक करेंगे. बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होगी. बताया जा रहा है कि डिजिटल माध्यम से होने वाली ये बैठक दो चरणों में होगी. पहले चरण में सुबह 10 बजे उन 8 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे, जहां कोरोना का कहर सबसे ज्यादा है. इसके बाद दोपहर 12 बजे से बाकी बचे राज्यों के मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री के साथ होने वाली इस अहम बैठक में शामिल होंगे. दोपहर वाली बैठक में टीका वितरण की रणनीति पर चर्चा होगी. बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी कोरोना की स्थिति की समीक्षा के लिए अब तक कई बार राज्यों के साथ बैठकें कर चुके हैं.

देश भर में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले पिछले कुछ दिनों से 50,000 के नीचे आ रहे हैं, वहीं कुछ राज्यों में मामले तेजी से बढ़े हैं. कुछ शहरों में तो रात का कर्फ्यू भी लगाया गया है. इसके साथ-साथ शादी समारोहों जैसे कार्यक्रमों में गेस्ट की संख्या भी तय कर दी गई है. इसके अलावा मास्क नहीं लागने वालों के लिए जुर्माने की राशि को भी बढ़ा दिया गया है.

ऐसी रिपोर्ट है कि प्रधानमंत्री संग बैठक के बाद राज्य अपने यहां कोविड से बचाव के लिए और सख्ती बरत सकते हैं. इनमें लॉकडाउन या वीकेंड लॉकडाउन जैसी व्यवस्था भी शामिल हो सकती है.

उधर, केंद्र सरकार की ओर से लगातार यह प्रयास हो रहे हैं कि जब भी कोरोना का टीका उपलबध होगा, उसके सुचारू वितरण की व्यवस्था हो सके. भारत में फिलहाल 5 वैक्सीन तैयार होने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. इनमें से चार परीक्षण के दूसरे या तीसरे चरण में हैं, जबकि एक पहले या दूसरे चरण में है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *