रायपुर: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम के भारतीय जनता पार्टी पर लगाए गए आरोप पर नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने पलटवार किया है. मानव तस्करी के मामले में कांग्रेस ने बीजेपी पर कई आरोप लगाए हैं, इस पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस अपनी जिम्मेदारियों से पीछे हट रही है और 15 साल की रट लगाए हुए है.
जनता आने वाले समय में देगी जवाब
धरमलाल कौशिक ने कहा कि 2 साल बीत जाने के बाद भी कांग्रेस 15 साल की रट लगाए है, ऐसे करते-करते इनका बचा हुआ 3 साल भी निकल जाएगा. मानव तस्करी जैसे गंभीर मामले को लेकर भी वर्तमान सरकार अपनी जिम्मेदारी समझने के बजाय पिछली सरकार के कामों को ही गिना रहे हैं. अब इनको यह समझ जाना चाहिए कि इनके हाथों की मेहंदी भी उतर चुकी है. प्रदेश की जनता भी अब यह सब देख और समझ रही है. आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के लोग इन्हें सही जवाब जरूर देंगे.
