आरंग। रायपुर जिले के आरंग में एक शिक्षिका ने प्रिंसिपल पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है. शासकीय स्कूल के आदिवासी शिक्षिका की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. शिक्षिका के शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल पुलिस शिक्षिका के साथ छेड़छाड़ मामले की पूरी जांच में जुट गई है.
आरंग थाना प्रभारी लेखधर दीवान ने बताया कि आरंग के शासकीय अरुंधति देवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ आदिवासी शिक्षिका ने स्कूल के प्रिसिपल के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई है. पीड़िता शिक्षिका का आरोप है कि 18 नवबंर को प्रिंसिपल ने उन्हें अपने चेम्बर में बुलाया और फिर उनके साथ जबरदस्ती करने लगा.
प्रिंसिपल की इस करतूत से बचकर वह किसी तरह बाहर निकल गई. पूरी घटना के बारे में पीड़िता ने अपने पति को जानकारी दी. इसी बीच फिर 23 नवंबर को प्रिंसिपल बीएल वर्मा ने पीड़िता को अपने चेंबर में बुलाया और हस्ताक्षर करने के बहाने छेड़छाड़ करने की कोशिश करने लगा. बार-बार की छेड़छाड़ से तंग आकर पीड़िता शिक्षक ने शिक्षिका ने अपने पति के साथ आरंग थाना पहुंचकर प्रिंसिपल बीएल वर्मा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि प्रिंसिपल इसी तरह स्कूल की सभी महिला शिक्षिकाओं के साथ अभद्र व्यवहार और टिप्पणी करते रहता है. आरंग पुलिस ने आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ धारा 354,3(1)व एससी/एसटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है.
