सुकमा: सीएएफ जवान ने थाने में की खुदकुशी, सर्विस राईफल से खुद को मारी गोली

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के पुसपाल थाने में तैनात सीएएफ का जवान दिनेश वर्मा ने खुद को गोली मार आत्महत्या कर ली। जवान की मौके पर ही मौत हो गई। थाने में अचानक गोली की आवाज सुनकर हड़कंप मच गया। आसपास के जवान जब बैरक में पहुंचे तो वह खून से लथपथ पड़ा था। घटना की सूचना पर एसडीओपी तोंगपाल और थाना प्रभारी मौके पर पहुंच गये हैं। दिनेश वर्मा पुसपाल थाने में तैनात था और मूलत: दुर्ग जिले के भिलाई का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार 26 नवंबर को जवान छुट्टी से लौटा था। कुछ दिनों से उसका मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। ड्यूटी ज्वाईन करने के बाद सुबह मेस में काम कर रहा था। उसके बाद वह अपने बैरक में चला गया। इस दौरान बैरक में कोई नहीं था। अचानक गोली की आवाज सुनकर सभी बैरक की ओर दौड़े। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने बताया कि सीएएफ चौंथी बटालियन की डी कंपनी में आरक्षक दिनेश वर्मा ने आत्महत्या कर ली है। सुबह करीब 8.50 बजे सर्विस राईफल से 6 राउंड चलाकर खुदकुशी की है। एसडीओपी तोंगपाल और थाना प्रभारी तोंगपाल मौके पर अग्रिम कार्यवाही हेतु उपस्थित है। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *