कश्मीर में ‘0’ से नीचे गिरा पारा, तमिलनाडु-केरल में भारी बारिश के आसार

उत्तर भारत के कई हिस्सों में सोमवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, वहीं, कश्मीर में पारा शून्य से नीचे चले जाने से ठंड चरम पर है. चदिल्ली में नवंबर का महीना 71 साल में सबसे सर्द रहा. वहीं बिहार में भी ठंड की स्थिति अभी बनी रहेगी. सोमवार को राज्य में बर्फीली हवाओं की वजह से तापमान गिर गया जिससे लोगों को शाम के बाद ठंड का एहसास होता रहा. मौसम विभाग का कहना है कि न्यूनतम पारे में एक से दो डिग्री की गिरावट अगले 24 घंटों में बन सकती है.

उधर, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने तूफान के अनुमान के मद्देनजर दक्षिणी तमिलनाडु व केरल में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर सोमवार को कम दबाव का क्षेत्र बना और इसके गहरे कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील होने का अनुमान है, जो आगे जाकर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है. इस वजह से दो और तीन दिसंबर के बीच दक्षिणी तमिलनाडु और दक्षिणी केरल में भारी बारिश की संभावना है.
आईएमडी के मुताबिक तूफान दो दिसंबर की शाम या रात में श्रीलंका के तट को पार कर सकता है. विभाग ने अपने ताजा बुलेटिन में कहा कि इसके प्रभाव से तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, लक्षद्वीप, आंध्र प्रदेश में एक से चार दिसंबर के बीच बारिश होने के आसार हैं. बता दें कि कुछ दिन पहले ही तमिलनाडु और पुडुचेरी से चक्रवाती तूफान निवार गुजरा था, जिससे भारी बारिश हुई थी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां नवंबर का महीना 71 वर्ष में सबसे सर्द रहा. औसत न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. आईएमडी के मुताबिक, 1949 के नवंबर में औसत न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *