ससुराल में कॉल कर बोला दामाद- आपकी बेटी को मार दिया, फिर शव के पास खेलता रहा मोबाइल गेम

राजस्थान के जोधपुर में महामंदिर थाना इलाके के बीजेएस कॉलोनी में रविवार रात एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी. हत्या के बाद हत्यारे पति ने खुद पुलिस को फोन किया. साथ ही अपनी ससुराल में ससुर को फोन कर कहा कि आपकी बेटी की मैंने हत्या कर दी है. पुलिस के आने तक हत्यारा अपनी पत्नी के शव के पास बैठकर मोबाइल पर गेम खेलता रहा.

फिलहाल पुलिस ने मौके से हत्यारे पति को हिरासत में ले लिया है. आरोपी का नाम विक्रमसिंह है औप पत्नी का नाम शिव कंवर है. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कैंची से उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है. विक्रमसिंह को खुद ही इस बात का रात को बोध नहीं था कि उसने क्या कर दिया. उसके अनुसार उसे मानसिक दौरा आया तो उसने रात को उठकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी लेकिन रविवार सुबह पुलिस थाने में उसे इस बात का एहसास हो गया कि उसने आज अपने बच्चों को अनाथ कर दिया है.

विक्रम और शिव कंवर का एक बेटा और बेटी भी है. रात को घर के हालात देखकर एक बार के लिए पुलिस अधिकारी भी सकते में आ गए. डीसीपी धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि विक्रम सिंह का परिवार मूलत: फलोदी का रहने वाला है लेकिन बीजेएस कॉलोनी में भी इनका एक मकान है. जहां ये लोग लंबे समय से निवास कर रहे थे.

डीसीपी ने बताया कि आरोपी खुद लंबे समय से बेरोजगार बैठा था. पत्नी घर पर पहले सिलाई का काम करती थी, बाद में सहकारी स्टोर में उसने काम शुरू कर दिया. इससे ही गृहस्थी चल रही थी लेकिन विक्रम पत्नी के सहकारी स्टोर पर काम करने से नाराज था. डीसीपी धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि पत्नी की हत्या करने के बाद उसने पुलिस को सूचना दी थी.

मृतका शिव कंवर के भाई मांगू सिंह ने बताया कि 2008 में उसकी विक्रम से शादी हुई थी. लम्बे समय से विक्रम बेरोजगार था. पैसों के लिए मारपीट करता था. मेरी बहन ही घर चला रही थी. उसकी बेटी हमारे पास थी तो बेटा अपने दादा के पास अकथना गांव में था.

खुद आरोपी विक्रम सिंह कहता है कि उसे रात को दौरा आया तो वह अचानक उठा और उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी. लेकिन ऐसा क्यों हुआ यह पुलिस के लिए अभी पहेली है. जिसको लेकर विक्रम सिंह से अभी पूछताछ और होगी. फिलहाल, पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है.मृतका के पिता मनोहर सिंह ने विक्रम सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *