आलाकमान के निर्देश पर दे दूंगा इस्तीफा लेकिन गलतफहमी फैलाने वाले सचेत हो जाएं…CM भूपेश का बड़ा बयान

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव के मुख्यमंत्री पद को लेकर बयान के बाद सियासत गर्म हो गई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने टीएस सिंहदेव के मुख्यमंत्री पद को लेकर दो दिन पहले दिए बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। सीएम भूपेश ने कहा कि अगर आलाकमान कहेगा तो वे फौरन इस्तीफा दे देंगे। लेकिन अगर कोई गलतफहमी पैदा करता है, चाहे वो कोई भी हो, उसे सचेत रहना चाहिए। वो प्रदेश का हित नहीं कर रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पांच दिन के सरगुजा दौरे पर जाने से पहले यह बयान दिया है। सीएम बघेल ने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री पद का मोह नहीं है। उन्होंने कहा कि इस बात का बतंगड़ बनाने की आवश्यकता क्या है, जिन्हें विकास होते देख तकलीफ हो रही है वो ही इस प्रकार की बात कर रहे हैं। गौरतलब है कि दो दिन पहले ढाई साल को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में टीएस सिंहदेव ने बिलासपुर में कहा था कि मुख्यमंत्री दो दिन के भी होते हैं और 15 साल के भी। उन्होंने कहा कि सब आलाकमान की इच्छा पर निर्भर करता है। गौरतलब है कि जब से सरकार बनी है तब से इस बात की चर्चा है कि भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव दोनों ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री होंगे। टीएस सिंहदेव के बयान को इसी संदर्भ में देखा जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *