बूढ़ातालाब में फव्वारे का ऐसा म्यूजिक, चालू होते ही बंद, कंपनी के बिल में 25 फीसदी की कटौती

रायपुर. बूढ़ातालाब में 5 करोड़ खर्च कर लगाया गया बहुरंगी म्यूजिकल फाउंटेन एक सप्ताह तक 100 फीट ऊंचाई तक तक पानी की ठंडी फुहार बरसाकर खामोश है। राजधानीवासियों के बीच अनूठे और चकित कर देने वाले इस फौवारे को लेकर कई तरह की चर्चा है। मंहगे फौवारे को सुधारने के लिए ठेका एजेंसी ने दिसंबर अंत तक का समय रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अफसरों से मांगा है। इस बीच स्मार्ट सिटी ने बूढ़ातालाब में म्यूजिकल फौवारा बंद होने पर एक्शन लेते हुए ठेका एजेंसी के बिल में 25 फीसदी रकम की कटौती कर दी। शहर के ऐतिहासिक बूढ़ातालाब का सौंदर्यीकरण कर उसे शहर के सबसे सुंदर पर्यटन स्थल बनाने 3 फेज में रायपुर स्मार्ट सिटी 50 करोड़ खर्च कर तालाब की सुंदरता बढ़ा रहा है। नौकाविहार की सुविधा, पाथवे, खास तरह का डेक तैयार कर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी में ठेका एजेंसी ने 5 करोड़ का म्यूजिकल फाउंटेन लगाया। इसके बारे में दावा किया गया, यह फौवारा क्षेत्रफल के हिसाब से देश का दूसरा अनूठा फौवारा है, जो 100 फीट ऊंचाई तक पानी की ठंडी फुहार छोड़ते लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनेगा। एक सप्ताह तक म्यूजिकल फौवारा ठीक चला। इसके बाद ना तो उसमें कर्णप्रिय संगीत सुनने मिल रहा है और ना ही रंगीन रोशनी के बीच ऊंचाई तक पानी की फुहार के दर्शन हो रहे। कुल मिलाकर करोड़ों खर्च कर लगाया गया नया फौवारा बंद पड़ा है। म्यूजिक में वैरायटी देंगे ठेका एजेंसी का कहना है, फौवारे के नोजल में कुछ दिक्कत है, उसे बदला जा रहा है। साथ ही छत्तीसगढ़ी सहित हिंदी फिल्मों के संगीत को भी इसमें जोड़ने का काम चल रहा है। इसीलिए दिसंबर अंत तक ही म्यूजिकल फौवारा सुधर पाएगा। 25 फीसदी रकम रोकी म्यूजिकल फौवारा बंद होने पर ठेकेदार के बिल में 25 फीसदी रकम काटी गई है। अनुबंध की शर्त में फाउंटेन का 5 साल तक मेंटनेंस एवं देखरेख शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *