नौ महीने बाद भक्तों के लिए इस दिन से फिर खुलेंगे जगन्नाथ मंदिर के कपाट, प्रशासन ने दी बड़ी जानकारी

पुरी: कोविड-19 महामारी के चलते नौ महीने तक बंद रहने के बाद पुरी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर के कपाट अब नये साल से पहले खुल जाने की संभावना है. मंदिर प्रशासन ने शनिवार को यह जानकारी दी. श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीएस) के प्रमुख प्रशासक कृष्ण कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मंदिर को खोलने का निर्णय लिया गया है और जब यह मंदिर खुलेगा तो कोविड-19 संबंधी सारे सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन किया जाएगा.

उन्होंने पीटीआई-भाषा को बताया कि मंदिर के सेवायतों की बैठक ‘छतीसा निजोग’ हुई और अब एसजेटीए मंदिर को खोलने के वास्ते अंतिम मंजूरी के लिए राज्य सरकार के पास अपनी सिफारिश भेजेगा.

कुमार ने कहा कि मंदिर को 23 दिसंबर को खोलने की योजना है और पुरी के लोगों को मंदिर में प्रवेश का पहला मौका मिलेगा. उन्होंने बताया कि सरकार से मंजूरी मिलने के बाद विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया जारी की जाएगी.

उन्होंने कहा कि वे सरकार से मंदिर को पहले पांच दिन पुरी के लोगों के लिए खोलने देने की अपील करेंगे क्योंकि वे मंदिर के काफी समीप रहने के बाद भी भगवान का दर्शन नहीं कर पाये.

कुमार ने कहा कि मंदिर एक और दो जनवरी को नये साल पर श्रद्धालुओं की भीड़ की संभावना के मद्देनजर बंद रहेगा लेकिन तीन जनवरी से सभी के लिए खोला जाएगा. उस दिन से दर्शन के वास्ते श्रद्धालुओं के पास कोविड-19 निगेटिव प्रमाणपत्र होना चाहिए, जो पिछले 48 घंटे के अंदर जारी किया गया हो.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *