गैंगरेप का आरोप लगा पीड़िता ने दर्ज कराई FIR, कुछ दिनों बाद ही आरोपी संग ले लिये सात फेरे…जानें पूरा मामला

एक अजीबोगरीब घटनाक्रम में गैंगरेप पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के कुछ दिनों के भीतर ही एक आरोपी से शादी कर ली. दरअसल पीड़िता के साथ चलती कार में छह लोगों ने कथित रूप से रेप किया था. शादी के एक दिन बाद शनिवार को सोशल मीडिया पर ‘निकाहनामा’ सामने आने के बाद पुलिस को शादी के बारे में पता चला. अमरोहा के डिडौली पुलिस स्टेशन में शुक्रवार को FIR दर्ज की गई थी, हालांकि शिकायत एक सप्ताह पहले की गई थी.

अमरोहा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अजय प्रताप सिंह ने कहा कि निकाहनामा से संकेत मिलता है कि शादी मुरादाबाद में हुई थी. पुलिस ने पहले ही मामला दर्ज कर लिया था. उन्होंने कहा, ‘अब हम पीड़िता को तलब करेंगे और उसका बयान दर्ज करेंगे, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी.’ पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा था कि वह पड़ोस के युवक मुजीब अहमद के साथ रिश्ते में थी.

उसने शादी के बहाने उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया और जब उसने शादी की जिद की, तो उसने उसके आपत्तिजनक अवस्था का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने की धमकी दी. लड़की ने दावा किया कि 21 अक्टूबर को, अहमद ने कथित तौर पर पीड़िता को बस स्टैंड पर बुलाया और जब लड़की वहां पहुंची, तो वह और एक दोस्त एक कार में पहुंचे और उसका कथित रूप से अपहरण कर लिया. इन लोगों ने चलती कार में दुष्कर्म किया और उसका वीडियो बना लिया.

लड़की के दावे के अनुसार, बाद में दोनों ने उसे अपने दोस्तों को सौंप दिया. उन्होंने गाजियाबाद के रास्ते में एक अन्य के साथ चलती कार में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. फिर, उन्होंने उसे सड़क पर फेंक दिया और इस बारे में किसी को बताने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी. पीड़िता एक ऑटोरिक्शा चालक की मदद से घर लौटी.

एक महीने बाद, उसने अपने माता-पिता को अपनी आपबीती सुनाई और फिर पुलिस के पास अपनी शिकायत दर्ज कराने गई. संबंधित धाराओं के तहत FIR शुक्रवार को डिडौली पुलिस स्टेशन में मुजीब अहमद और उनके दोस्तों, जकी पाशा, वसीम, अनस पाशा, जमशेद और हसीब के खिलाफ दर्ज की गई थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *