आंदोलन के बीच आज किसानों से बात करेंगे पीएम मोदी

केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज खुद मध्य प्रदेश के किसानों से बातचीत करेंगे. भाजपा देश भर में किसान कल्याण सम्मेलन कर रही है. पीएम मोदी इसी सम्मेलन को संबोधित करेंगे.

आज करीब दो बजे पीएम मोदी राज्य के किसानों को संबोधित करेंगे. यह संबोधन वीडियो-कांफ्रेंसिंग के जरिए होगा. पीएम मोदी किसानों को नए कृषि कानूनों के फायदों के बारे में बताएंगे.

पीएम मोदी का यह संबोधन देश के 23 हजार से अधिक गांवों में लाइव प्रसारित किया जाएगा. इसे मध्य प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर भी दिखाया जाएगा. इसके साथ ही फसल में नुकसान की भरपाई के लिए आज ही राज्य के 35 लाख किसानों के खाते में 1660 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की जाएगी. इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी रायसेन से जुड़ेंगे.

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने किसानों के खाते में राहत कोष की राशि ट्रांसफर नहीं कर एक तरह से अन्याय किया था. पूर्व की सरकार ने यहां तक कि फसल बीमा योजना का प्रीमियम भी जमा नहीं किया था. लेकिन भाजपा किसानों के कल्याण के लिए काम करने को प्रतिबद्ध है. शिवराज ने कहा कि हमारी सरकार ने पहले फसल बीमा का प्रीमियम जमा करा दिया है और आज किसानों के खाते में पैसे भी डाल दिए जाएंगे.

ये किसान कल्याण कार्यक्रम चार स्तरों ग्राम पंचायत, ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर आयोजित किए जा रहे हैं. रायसेन में राज्य स्तर के कार्यक्रम में करीब 20 हजार किसान भाग लेंगे.

गौरतलब है कि दिल्ली के विभिन्न बॉर्डर पर हजारों की संख्या में किसान धरना दे रहे हैं. उनका धरना पिछले 22 दिनों से चल रहा है. सरकार और किसानों के बीच अब तक बातचीत बेनतीजा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *