दक्षिण दिल्ली के ग्रेटर कैलाश इलाके में 14 वर्षीय नाबालिग के साथ गैंगरेप के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया. इनमें एक नाबालिग भी है. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिला निवासी शिवम (20), हरिशंकर (30) और महाराष्ट्र के रहने वाले मंगेश (18) के रूप में हुई है.
उन्होंने बताया कि ग्रेटर कैलाश-1 पुलिस थाने को चार लोगों द्वारा एक लड़की का बलात्कार किए जाने की सूचना मिली थी. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह चार महीने से इलाके में काम कर रही थी. इसी दौरान साथ में काम करने वाले नाबालिग आरोपी से उसकी मित्रता हो गई थी, जिसने करीब एक महीने पहले काम छोड़ दिया था
अधिकारी ने बताया कि 17 वर्षीय आरोपी ने शनिवार को लड़की को अपने कार्यस्थल पर बुलाया, जहां तीनों अन्य आरोपी भी मौजूद थे. उन्होंने बताया कि पोक्सो अधिनियम के साथ ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.
