उत्तर प्रदेश के यमुना एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक हादसा हुआ है, जिसमें कार के अंदर बैठे पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई है. हादसा विपरीत दिशा से आ रहे एक कंटेनर के कार में टकराने के बाद हुआ. कंटेनर और कार में भीषण टक्कर से कार में आग लग गई और कार धू-धूकर जल गई. कार में बैठे पांच लोगों की देखते-देखते झुलसकर मौत हो गई. कार सवार लखनऊ के बताए जा रहे हैं जो दिल्ली जा रहे थे. घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है.
बताया जा रहा है कि लखनऊ के नंबर की गाड़ी UP 32 KW 6788 में सवार होकर पांच लोग दिल्ली जा रहे थे और जब कार यमुना एक्सप्रेसवे पर आगरा के खंदौली इलाके में पहुंची, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक कंटेनर ने कार में टक्कर मार दी, जिससे ये हादसा हुआ है. टक्कर मारने के बाद कंटेनर तेज गति से निकल गई
कार और कंटेनर के बीच टक्कर इतनी तेज थी कि किसी को भी संभलने का मौका नहीं मिला. तेज आवाज के साथ कार में आग लग गई और कार के अंदर बैठे सभी लोग जिंदा जल गए. हादसे के वक्त मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. लेकिन जबतक पुलिस आती तबतक बहुत देर हो चुकी थी. कार सवार सभी लोगों की कार के अंदर बुरी तरह से जलकर मौत हो चुकी थी
कार में लगी आग की लपटों के कारण आसपास के लोगों की इतनी हिम्मत नहीं हुई कि वो कार के पास जाकर उनकी कोई मदद कर सकें. लोगों का कहना है कि पुलिस और दमकल की गाड़ियां भी देर से पहुंचीं. लोग कार के अंदर से मदद के लिए चिल्लाते रहे लेकिन उन्हें मदद नहीं मिली.
