जयपुर: राजस्थान के अलवर में दिल दहला देने वाला अंधविश्वास का मामला सामने आया है. जहां 11 साल के मासूम की बलि सिर्फ इसलिए दे दी गई ताकि दोषी अमीर बन सके. रविवार के दिन बच्चे का शव खेत में पड़ा मिला, बच्चे के कान, नाक और नाखून कटे हुए थे. बच्चे की आंख में काजल लगा था और शरीर पर कटने के कई निशान थे. मासूम के पिता ने गांव के ही एक ढोंगी बाबा के खिलाफ और अपने परिवार के कुछ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. बता दें कि फिलहाल ये फरार हैं
मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के नावली गांव के मृतक बच्चे का नाम निर्मल कुमार है जिसकी उम्र 11 वर्ष बताई जा रही है. बच्चे का शव जहां मिला, उसे लेकर लोगों का कहना है कि वहां हत्या के कई सबूत भी मिले हैं. सरसों के पेड़, कटी नाक, कान, नाखून इत्यादि मिले हैं. बता दें कि बच्चे का शव रविवार के दिन मिला लेकिन पिता ने शुक्रवार के दिन ही नजजीकी पुलिस थाने में बच्चे के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी.
शव मिलने की सूचना पाकर मौके पर पुलिस व अन्य अधिकारी पहुंचे. इस दौरान जिला एसपी तेजस्वनी गौतम भी मौके पर पहुंची और डॉग स्कॉड को बुलाकर मामले की जांच में जुट चुकी हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा चुका है. बच्चें की हत्या को लेकर पिता का आरोप है कि परिवार के कुछ लोगों ने पैसे पाने और अमीर बनने की लालच में बच्चे का अपहरण किया. इसके बाद खेत में ले जाकर उसकी बलि दे दी गई. बलि देने के लिए पंडित को भी बुलाया गया. बता दें पुलिस इस मामले की जांच में फिलहाल जुटी हुई है. पुलिस अधीक्षक का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा
