एमबीबीएस में मॉपअप राउंड से प्रवेश 31 दिसंबर तक

रायपुर. एमबीबीएस में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाने संबंधी किसी तरह का आदेश नहीं मिलने की वजह मॉपअप राउंड की प्रक्रिया 31 दिसंबर तक पूरी की जाएगी। चिकित्सा शिक्षा संचालनालय ने इसके लिए शेड्यूल जारी कर दिया है। वहीं दो बार निरस्त हो चुकी दूसरे चरण की काउंसिलिंग में प्रवेश की प्रक्रिया को 29 दिसंबर तक पूरा किया जाएगा। प्रदेश के मेडिकल काॅलेजों में एमबीबीएस में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय चिकित्सा परिषद ने पूर्व में 31 दिसंबर अंतिम तारीख तय की थी, मगर 24 दिसंबर को प्रवेश की अंतिम तारीख 15 जनवरी तक बढ़ाने के लिए सर्वोच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई है। इस मामले में अभी तक किसी तरह का फैसला नहीं आने की वजह से चिकित्सा शिक्षा संचालनालय ने पुरानी तारीख को फाॅलो करते हुए मॉपअप राउंड के लिए तारीख तय कर दी है। इसके लिए 29 दिसंबर की रात 10 बजे रिक्त सीटों की जानकारी वेबसाइट में प्रदर्शित की जाएगी। इसके बाद 30 दिसंबर को अभ्यार्थियों की च्वाइस फीलिंग की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा और 31 दिसंबर को आवंटन के साथ प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके पहले दो बार अदालत के फैसले के बाद निरस्त किए गए दूसरे राउंड की आवंटन सूची को पुन: जारी कर प्रवेश की प्रक्रिया को 29 दिसंबर तक पूरा किया जाना है। बीडीएस में प्रवेश 15 जनवरी तक डेंटल काउंसिलिंग ऑफ इंडिया द्वारा डेंटल काॅलेजाें में बीडीएस में प्रवेश की अंतिम तारीख 15 जनवरी तय की गई है। इसकी वजह से डेंटल काॅलेजों में प्रवेश के लिए मॉपअप राउंड का आयोजन बाद में किया जाएगा। पूर्व में बीडीएस की प्रवेश प्रक्रिया भी 31 दिसंबर तक पूरी की जानी है। …तो संशोधित करेंगे तारीख एनएमसी द्वारा घोषित अंतिम तारीख के आधार पर मॉपअप राउंड की तारीख तय की गई है। इस मामले में कोई फैसला आता है तो मॉपअप राउंड की अंतिम तारीख में संशोधन कर दिया जाएगा। – डा. जीतेंद्र तिवारी, प्रवक्ता, चिकित्सा शिक्षा संचालनालय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *