राहुल गांधी के इटली दौरे पर बवाल, बीजेपी का तंज तो सुरजेवाला ने दिया जवाब

आज कांग्रेस का 136वां  स्थापना दिवस मनाया जा रहा है. पार्टी के स्थापना दिवस के बीच राहुल गांधी इटली चले गए, जिसके बाद से कांग्रेस सफाई देती फिर रही है. क्योंकि एक तरफ देश में किसान कृषि कानूनों के लेकर आंदोलन कर रहे हैं. वहीं, दूसरी तरफ विपक्ष का प्रमुख चेहरा राहुल गांधी के विदेश दौरे पर जाने से विवाद हो गया है. जहां, कांग्रेस सफाई दे रही है. वहीं, बीजेपी को एक बार फिर राहुल गांधी और कांग्रेस पर हमला बोलने का मौका मिल गया है.

भारतीय जनता पार्टी के सांसद जनरल वीके सिंह ने राहुल की इटली यात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल को बधाई, यहां कांग्रेस स्थापना दिवस मना रही है और राहुल गांधी विदेश में आराम कर रहे है…शायद बहुत थक गए हैं. कांग्रेस का हाल ये है कि जो समझदार है उसे बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा है. जनरल वीके सिंह ने कहा कि यूपीए का नेतृत्व कोई भी करे चाहे शरद पवार करें, कपिल सिब्बल करें आज कांग्रेस का क्या हाल है सब जानते हैं.

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की हालत उस बच्चे की तरह है, जो पहले एक खिलौना मांगता है और जब वो मिल जाता है तो कहता है ये नहीं दूसरा चाहिए. बता दें कि वीके सिंह से पहले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी तंज कसा था. उन्होंने अपने एक ट्वीट में लिखा कि कांग्रेस इधर अपना 136वां स्थापना दिवस मना रही है और राहुल जी ‘9 2 11’ हो गये!!

दरअसल, बीजेपी की ओर से लगातार राहुल गांधी पर किए जा रहे हमले के बीच कांग्रेस अब सफाई देने में जुट गई है. कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि राहुल गांधी एक निजी यात्रा पर गए हैं, उनकी नानी की तबीयत ठीक नहीं है. ऐसे में भारतीय जनता पार्टी को इस पर सवाल नहीं खड़े करने चाहिए. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अभी पार्टी अध्यक्ष नहीं हैं, सोनिया गांधी हैं. पार्टी राहुल को जो भी जिम्मेदारी देती है, वह इसके निभाते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *