राम मंदिर के अकाउंट से लाखों रुपए उड़ाने वाले 4 चोर गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार

अयोध्या: राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के बैंक अकाउंट से फ्रॉड करके निकाले गए 6 लाख रुपये के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. अयोध्या पुलिस ने महाराष्ट्र के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मास्टरमाइंड अब तक फरार बताया जा रहा है. मास्टरमाइंड बाबा विश्वनाथ के शहर काशी का निवासी है, जबकि वर्तमान में वह मुंबई में रह रहा था.

उल्लेखनीय है कि ट्रस्ट के अकाउंट से 9 सितंबर 2020 को 6 लाख रुपये जालसाजों ने दूसरे अकाउंट में ट्रांसफर करा लिए थे. ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने अयोध्या कोतवाली में केस दर्ज कराया था. जिस अकाउंट में रामलला का पैसा ट्रांसफर हुआ था उस अकाउंट को पुलिस ने तत्काल ही सीज करवा दिया था.  पुलिस को इस मामले में सफलता तब मिली जब चार आरोपियों को पकड़ लिया गया. इन चारों आरोपियों की गिरफ्तारी अयोध्या में राम की पैड़ी के पास से हुई है. पुलिस की माने तो इन चारों आरोपियों को जांच के लिए बुलाया गया था और पूछताछ के दौरान इन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया.

गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम प्रशांत महाबल शेट्टी, विमल लल्ला, शंकर सीता राम और संजय तेजराज  है. ये सभी महाराष्ट्र के निवासी हैं. अयोध्या पुलिस की मानें तो यह चेक क्लोनिंग का मामला है. बैंक के अधिकारी या कर्मचारी भी क्या इस मामले में शामिल हैं, इसकी भी तफ्तीश की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *