IND vs AUS: रोहित शर्मा बने उपकप्तान, तीसरे टेस्ट में धूम मचाएंगे ‘हिटमैन

हिटमैन’ रोहित शर्मा को चेतेश्वर पुजारा की जगह पहली बार भारतीय टेस्ट का उपकप्तान बनाया गया. नियमित कप्तान विराट कोहली के पितृत्व अवकाश पर भारत लौटने के बाद जब अजिंक्य रहाणे टीम के कप्तान बने थे, तब मेलबर्न में खेले गए बॉक्सिंग डे टेस्ट में पुजारा को उपकप्तान नियुक्त किया गया था. टीम प्रबंधन ने पहले ही यह फैसला कर लिया था कि अगर रोहित फिट होकर टीम से जुड़ेंगे तो वह उपकप्तान होंगे.

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के एक अधिकारी ने पीटीआई से गोपनीयता की शर्त पर कहा, ‘विराट की गैरमौजूदगी में अजिक्य के कप्तान बनने के बाद भारतीय टीम के उपकप्तान को लेकर कोई भी संदेह नहीं था. यह हमेशा रोहित ही थे और पुजारा को यह जिम्मेदारी तब तक के लिए सौंपी गई थी, जब तक वह (रोहित) टीम से नहीं जुड़े थे.’

अधिकारी ने कहा, ‘राहित लंबे समय से सीमित ओवरों के प्रारूप में भारतीय टीम के उपकप्तान हैं. ऐसे में यह जाहिर है कि विराट की गैरमौजूदगी में वह टीम के नेतृत्व समूह का हिस्सा होंगे.’ रोहित सिडनी में 14 दिनों की क्वारनटीन पूरा करने के बाद बुधवार को मेलबर्न में भारतीय टीम से जुड़ गए हैं. अभी हालांकि यह पता नहीं चला है कि रोहित शुभमन गिल के साथ पारी का आगाज करेंगे या मध्य क्रम में खेलेंगे.

अगर वह सलामी बल्लेबाज के तौर पर खेलेंगे तो खराब लय में चल रहे मयंक अग्रवाल टीम से बाहर हो सकते हैं, जबकि उनके मध्यक्रम में खेलने पर हनुमा विहारी को अंतिम 11 से बाहर होना पड़ सकता है. उन्होंने 7 जनवरी को सिडनी में खेले जाने वाले तीसरे टेस्ट के लिए गुरुवार से अभ्यास करना शुरू कर दिया. रोहित ने 32 टेस्ट में 46 की औसत से 2141 रन बनाए हैं.

भारतीय टेस्ट टीम –

अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रोहित शर्मा (उपकप्तान), मयंक अग्रवाल, पृथ्वी शॉ, केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा, हनुमा विहारी, शुभमन गिल, ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेट कीपर), जसप्रीत बुमराह, नवदीप सैनी, कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, मोहम्मद सिराज, शार्दुल ठाकुर, टी नटराजन.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *