प्रेमिका के साथ भागा दूल्हा, दुल्हन ने बाराती से की शादी

कहते हैं जोड़ियां ऊपर वाला बनाकर भेजता है लेकिन क्या हो जब दूल्हा, मंडप छोड़ अपनी प्रेमिका के साथ भाग जाए. कर्नाटक के चिकमंगलुरू जिले में शादी टूटने की ऐसी ही चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां दूल्हा होने वाली पत्नी को मंडप में छोड़ प्रेमिका के साथ भाग गया. दुल्‍हन ने भी निर्णय लेने में देरी नहीं की और शादी में आए एक बाराती के साथ ही शादी कर डाली.

बेंगलुरु मिरर की खबर के अनुसार, नवीन और उसके भाई अशोक की शादी होनी थी. अशोक की शादी तो हुई लेकिन नवीन भाग निकला. नवीन ने शादी के सभी रीति-रिवाजों में हिस्सा लिया लेकिन जब सात वचन लेने की बारी आई तो नवीन ने हमसफ़र ही बदल लिया.
दरअसल, शादी के दिन ही नवीन की प्रेमिका ने धमकी दी कि अगर उसने सिंधु से शादी की तो वो विवाह समारोह में आकर ज़हर पी लेगी और सारे कार्यक्रम खराब कर देगी. इसी डर के कारण वह शादी छोड़कर भाग निकला.

फिल्मी ड्रामा सी लगने वाली ये हकीकत यहीं नहीं थमी. ताज्जुब तो तब हुआ जब सिंधु ने मौके पर ही आए बारातियों में से किसी में जीवनसाथी तलाशना शुरू किया. सिंधु की तलाश चंद्रप्पा पर आकर खत्म हुई जो कि पूरे घटनाक्रम का चश्मदीद था.

चंद्रप्पा, बीएमटीसी में बस कंडक्टर है. दोनों परिवारों की रजामंदी से सिंधु और चंद्रप्पा की रीति-रिवाज के साथ शादी हो गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *