पीएम मोदी बोले- पूरी दुनिया को कोरोना वैक्सीन की जरुरत, भारत इसमें आत्मनिर्भर

वाराणसी: पीएम मोदी ने शुक्रवार को कहा कि कोरोना की वैक्सीन आज दुनिया की सबसे बड़ी जरूरत है और भारत इस मामले में पूरी तरह आत्मनिर्भर है. अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में कोरोना टीकाकरण अभियान के लाभार्थियों और वैक्सीन लगवा चुके लोगों से वीडियो कांफ्रेंस के जरिए संवाद करते हुए पीएम मोदी ने यह भी कहा कि टीकाकरण अभियान को लेकर भारत की तैयारी पूरी है और वैक्सीन देश के कोने-कोने में तेजी से पहुंच रहे हैं.

संवाद के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने वैक्सीन को लेकर अपने अनुभव साझा किए और बताया कि उन्हें इससे न तो कोई समस्या हुई ना ही उसका कोई दुष्प्रभाव हुआ. स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों से अनुरोध किया कि वे बढ़चढ़कर टीकाकरण अभियान में हिस्सा लें और समाज को सुरक्षित बनाएं. पीएम मोदी ने 16 जनवरी को देशव्यापी टीकाकरण अभियान का शुभारम्भ किया था. टीकाकरण के प्रथम चरण में तीन करोड़ स्वास्थ्यकर्मियों और अग्रिम मोर्चे पर तैनात कर्मियों को वैक्सीन लगाया जाना है.

पीएम मोदी ने संवाद से पहले अपने संक्षिप्त संबोधन में कहा कि आज विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान भारत में हो रहा है और इसके पहले दो चरणों में 30 करोड़ देशवासियों को वैक्सीन लगाई जा रही है. उन्होंने आगे कहा कि, आज देश में ऐसी इच्छाशक्ति है कि देश खुद अपनी कोरोना वैक्सीन बना रहा है. आज देश की तैयारी ऐसी है कि देश के विभिन्न कोनों तक वैक्सीन तेजी से पहुंच रही है और आज विश्व की इस सबसे बड़ी जरुरत को लेकर भारत पूरी तरह से आत्मनिर्भर है. अनेक देशों की सहायता भी कर रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *