जावेद अख्तर की शिकायत पर अदालत ने कंगना रनौत को जारी किया समन, जानें क्या है मामला

मुंबई: मुंबई की एक अदालत ने गीतकार जावेद अख्तर की शिकायत पर अभिनेत्री कंगना रनौत को सोमवार को समन जारी किया. शहर पुलिस ने अदालत को बताया कि अख्तर द्वारा अभिनेत्री के खिलाफ दर्ज कराई गई शिकायत के बाद कथित मानहानि का मुकदमा बनता है तथा इसमें और जांच की आवश्यकता है.

अंधेरी मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट ने दिसंबर, 2020 में जुहू पुलिस को निर्देश दिया था कि वह पिछले साल नवंबर में अदालत के सामने रनौत के खिलाफ अख्तर द्वारा दायर मानहानि की शिकायत की जांच करे. पुलिस ने अदालत को सोमवार को सौंपी अपनी रिपोर्ट में कहा कि रनौत के खिलाफ शिकायतकर्ता (अख्तर) द्वारा लगाये गये कथित आरोपों की और जांच की जा रही है.

अदालत ने मामले की अगली सुनवाई की तिथि एक मार्च तय की. अख्तर के वकील जय कुमार भारद्वाज ने सोमवार को अदालत को बताया कि पुलिस ने पिछले महीने रनौत को समन जारी किये थे, जिसमें उन्हें अपना बयान दर्ज कराने के वास्ते पुलिस के समक्ष उपस्थित रहने के लिए कहा गया था.

लेकिन अभिनेत्री ने इस संबंध में अभी कोई जवाब नहीं दिया है. अख्तर ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि रनौत ने पिछले साल जून में अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद एक साक्षात्कार में उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां की थीं. गीतकार ने दावा किया था कि रनौत द्वारा की गई ‘‘आधारहीन टिप्पणियों’’ से उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *