कोरोना गाइड लाइन के साथ आज से स्कूल……

रायपुर। कोरोना काल में करीब 11 महीने से बंद स्कूल सोमवार से खुल जाएंगे, लेकिन इस बार यह कुछ बदले से रहेंगे। स्कूलों में सुबह होने वाली प्रार्थना (प्रेयर) फिलहाल नहीं होगी। खेल का पीरियड भी नहीं होगा। कोरोना से सावधानी बरतने के लिए पीने का पानी भी छात्रों को साथ लेकर जाना होगा। कैंटीन बंद रहेंगे, इसलिए छात्र घरों से टिफिन लेकर आएंगे। फिलहाल स्कूल भी पूरे समय के बजाय 4 घंटे ही लगेंगे, यानी बमुश्किल 3-4 पीरियड बाद छुट्टी दे दी जाएगी। वहीं कॉलेज-विश्वविद्यालयों की कक्षाएं सोमवार से ही शुरू हो जाएंगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की कैबिनेट में लिए गए फैसले के मुताबिक सोमवार, 15 फरवरी से 9वीं से 12वीं तक की कक्षाओं के लिए स्कूल खुलने जा रहे हैं। हालांकि दसवीं-बारहवीं के प्रैक्टिकल के लिए 10 फरवरी से स्कूल खुल गए हैं। इसलिए स्कूलों में छात्रों का आना-जाना चल रहा है, लेकिन अब कक्षाएं भी चलेंगी। इसके अलावा, नवमीं-ग्यारहवीं के छात्रों की भी क्लास लगेगी। लेकिन इस बार स्कूलों को कोरोना की गाइडलाइन का पालन भी करना होगा। कोरोना की गाइडलाइन के अनुसार भीड़ नहीं लगनी चाहिए। इस वजह से स्कूलों में प्रेयर नहीं होगी क्योंकि इससे भीड़ लग सकती है। छात्र स्कूल में आएंगे और सीधे क्लासरूम में दाखिल होंगे।

3 से 4 घंटे ही लगेंगी क्लास : स्कूलों में अभी कुछ घंटे पहले छुट्टी हो जाएगी। आमतौर पर स्कूलों का औसत समय 6 घंटे का है, लेकिन अब अधिकांश स्कूल 4 घंटे ही लगेंगे। कुछ निजी स्कूल प्रबंधन के मुताबिक खेलकूद व विभिन्न गतिविधियों के लिए दो पीरियड रहते थे। लेकिन इस बार यह दोनों पीरियड नहीं होंगे, इसलिए स्कूल का समय भी कम होगा। स्कूलों ने बताया कि कुछ माह में बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी, इसलिए पढ़ाई उसी की तैयारी के हिसाब से होगी। ऑनलाइन क्लास के माध्यम अधिकांश कोर्स खत्म किए जा चुके हैं। छात्रों के डाउट क्लियर कराने के लिए इसका रिवीजन होगा।

मास्क व सैनिटाइजर का इस्तेमाल जरूरी : सभी छात्रों को मास्क पहनकर व सैनिटाइजर की छोटी बोतल लेकर स्कूल जाना होगा। स्कूल आने के लिए निजी स्कूलों ने यह शर्त रखी है। उनका कहना है कि सर्दी, बुखार की जांच भी स्कूल में एंट्री से पहले होगी। जिस छात्र में इसके लक्षण मिलेंगे, उन्हें घर वापस भेज दिया जाएगा। एक क्लास में 50 फीसदी छात्रों की सीटिंग शासन ने नवमीं से बारहवीं तक के लिए स्कूल खोलने की अनुमति दी है। सभी छात्र स्कूल आएंगे लेकिन क्लास में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा। एक क्लास में 50 प्रतिशत छात्र बैठेंगे। पहली से आठवीं की कक्षाएं अब भी बंद रहेगी। इसलिए खाली पड़े कमरों में भी कक्षाएं लगेंगी। स्कूलों में गाइडलाइन का पालन होगा कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए स्कूलों में पढ़ाई होगी। इसके लिए प्राचार्यों को निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *