रिलेशनशिप से किया इंकार तो युवक ने 37 वर्षीय महिला के पेट में घोंपा चाक़ू

मुंबई: मुंबई के परेल में KEM अस्पताल के पास रविवार को एक सैंतीस साल की महिला को उसके दोस्त ने चाकू मार दिया. भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन के पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पीड़ित कविता आंनद कांबले कोरोना सेंटर में अनुबंध पर काम करती है. रविवार को परेल में अस्पताल के पास बटलीवाला रोड पर राजेश काले नामक व्यक्ति ने उसके पेट में चाकू मार दिया.

पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार दोपहर लगभग 2.45 बजे की है. बताया जा रहा है कि कविता ने राजेश के साथ संबंध रखने से मना कर दिया था, जिससे वह नाराज़ था. कविता को चाकू मारने के पीछे यही कारण माना जा रहा है. अधिकारियों को संदेह है कि कविता और आरोपी दोनों पहले रिलेशनशिप में थे, किन्तु महिला ने उसके साथ रिश्ता समाप्त कर दिया, जिसकी वजह से राजेश काले ने इस वारदात को अंजाम दिया.

कविता पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिसे पास के ही केईएम अस्पताल में एडमिट कराया गया है. हालांकि इस हमले में आरोपी भी जख्मी हो गया है. घटना के बाद राहगीरों ने पुलिस की सहायता से राजेश काले को पकड़ लिया. घायल कविता और आरोपी काले को केईएम अस्पताल में एडमिट करा दिया गया है. बहरहाल, भोईवाड़ा पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पीड़िता गोवंडी की रहने वाली है जबकि आरोपी मुंबई के कुर्ला का निवासी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *