होटल के कमरे में फंदे से लटका मिला युवक का शव, पड़ताल में जुटी पुलिस

पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया जिले के एक होटल के एक कमरे में फांसी के फंदे से एक युवक का शव लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है. घटना जिले के सहायक खजांची थाना क्षेत्र के आर एन शाह चौक की बताई जा रही है, जहां होटल हॉलिडे इंटरनेशनल के रूम नंबर 203 में साकेत रॉय का शव फंदे से लटका हुआ पाया गया है.

घटना के बारे में होटल प्रबंधन ने बताया है कि शनिवार की शाम पूर्णिया के चूनापुर के रहने वाले साकेत होटल के कमरा संख्या 203 में ठहरने आए थे. उनके घरवालों को इस बात की जानकारी नहीं थी. रविवार की सुबह परिवार वाले उनके लापता होने की शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे थे. इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि मृतक होटल हॉलिडे में ही रुके हुए हैं. जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन दोपहर 12 बजे होटल पहुंचे तो पता चला कि वे होटल में ही हैं. इसके बाद वे उस रूम में गए, लेकिन अंदर से किसी ने दरवाजा नहीं खोला. ये सोचकर कि अभी साकेत सो रहे होंगे वो वापिस लौट गए और जाते-जाते होटल प्रबन्धक को बता गए कि उठने के बाद बात करा दीजिएगा.

जब 4 बजे तक कोई बात नहीं हुई तो मृतक के बेटे और अन्य रिश्तेदार वापस होटल पहुंचे. तब भी दरवाजा नहीं खुला तो पुलिस को सूचना दी गयी. सूचना मिलते ही पुलिस होटल पहुंची और DSP की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया. दरवाजा टूटते ही साकेत का शव फंदे से लटका हुआ मिला. शव के पैर के पार बहुत सारा खून भी गिरा हुआ था. ऐसे में पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से तफ्तीश कर रही है. फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *