मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ (Kamal Nath) ने पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस (Petrol Diesel Gas cylinder Price hike) के दामों में हो रही बढ़ोत्तरी के विरोध में 20 फरवरी को आधे दिन स्वेच्छा से प्रदेश बंद करने का आह्वान किया है. कमलनाथ (Kamal Nath) ने कहा पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस के दामों में निरंतर वृद्धि हो रही है, जनता पर महंगाई की मार निरंतर बढ़ती जा रही है. जो लोग महंगाई से राहत के नाम पर सत्ता में आये थे, वो आज जनता को रोज महंगाई की आग में झोंक रहे हैं.
Kamal Nath ने कहा, जनता निरंतर करो में कमी कर राहत प्रदान करने की मांग कर रही है, लेकिन भाजपा सरकार (BJP) तानाशाही रवैया अपनाते हुए किसी भी प्रकार की राहत प्रदान नहीं कर रही है. कांग्रेस जनता के साथ सदैव खड़ी है, जनता के हित के लिये हम सदैव संघर्षरत है और रहेंगे.
कमल नाथ ने दामों में हो रही बढ़ोत्तरी के विरोध में जनता का आह्वान करते हुए कहा, पेट्रोल- डीजल के व रसोई गैस के दामों में हो रही बेतहाशा वृद्धि के विरोधस्वरुप, जनता को राहत प्रदान करने की मांग व भाजपा सरकार को कुंभकर्णी नींद से जगाने को लेकर मध्यप्रदेश में कांग्रेस 20 फरवरी को जनता से स्वेच्छा से आधे दिन के प्रदेश बंद का आह्वान करती है. ज्ञात हो कि राज्य में प्रीमियम पेट्रोल सौ रुपये प्रति लीटर की दर को पार कर गया है, वहीं सामान्य पेट्रोल सौ को पार करने की उत्सुकता में है. इसको लेकर कांग्रेस ने जनता से विरोध दर्ज कराने का आह्वान किया है.
