कन्फर्म: इस राज्य में 10 मार्च को होंगे शहरी निकायों के चुनाव, 14 मार्च को होगी मतगणना

आंध्र प्रदेश के राज्य चुनाव आयोग (SEC) ने 12 नगर निगमों (Andhra Pradesh Nagar Nigam Elections) समेत 87 शहरी स्थानीय निकायों में चुनाव कराने के लिए अधिसूचना जारी कर दी है. यह अधिसूचना 10 मार्च को होने वाले मतदान के लिए रुकी हुई चुनावी प्रक्रिया को फिर से शुरू करने के लिए जारी की गई है. राज्य निर्वाचन आयुक्त निम्मगड्डा रमेश कुमार ने कहा, “अधिसूचना जारी होने के साथ ही आंध्र प्रदेश के शहरी इलाकों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है, जो कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक लागू रहेगी.”

दरअसल, कोरोना वायरस (Corona Virus) महामारी के कारण पिछले साल मार्च में इस चुनावी प्रक्रिया को बीच में ही रोक दिया गया था, जिसे अब फिर से शुरू किया जा रहा है. एसईसी ने आगे कहा, “आयोग ने फैसला किया है कि वह शहरी स्थानीय निकायों के लिए रुकी हुई चुनावी प्रक्रिया को उसी चरण से फिर से शुरू करेगा, जहां से इसे 15 मार्च, 2020 को रोका गया था. यह चरण उम्मीदवारों द्वारा नाम वापस लेने का है.”

आयोग ने कहा है कि 2 मार्च को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे. 3 मार्च को प्रतियोगियों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी. बेहद आवश्यक होने पर ही एसईसी 13 मार्च को किसी स्थानीय निकाय में फिर से चुनाव कराएगा. वहीं 14 मार्च को वोटों की गिनती की जाएगी. इन चुनावों में विजयनगरम, ग्रेटर विशाखापत्तनम, एलुरु, विजयवाड़ा, मछलीपट्टनम, गुंटूर, ओंगोल, चित्तूर, तिरुपति, कडप्पा, कुरनूल और अनंतपुर में नगर निगम के चुनाव होंगे

बता दें कि पिछले साल आयोग ने 9 मार्च, 2020 से शहरी स्थानीय निकायों के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू कर दी थी, जो कि 14 मार्च, 2020 को नामांकन पत्रों की जांच करने तक आगे भी बढ़ी लेकिन फिर कोरोना वायरस के कारण 15 मार्च को ही प्रक्रिया रोक दी गई थी. इसके चलते कई बार राज्य सरकार और एसईसी के बीच विवाद भी हुआ. हालांकि इस दौरान आंध्र प्रदेश में 4 चरण वाले ग्रामीण स्थानीय निकाय चुनावों के 2 चरण पूरे हो चुके हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *