कामकाजी लोगों के जीवन का एक बड़ा हिस्सा उनके दफ्तर (Office) में गुजरता है. ऐसे में वहां के माहौल का उनके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर काफी हद तक असर पड़ता है. कई बार ऑफिस में काम का लंबे समय से चला आ रहा दबाव और वहां के माहौल आदि ऐसे कारण होते हैं जिनमें आप संतुलन नहीं बिठा पाते और ऐसे में कई बार स्ट्रेस (Stress) होने लगता है. इसका असर आपके काम पर पड़ने लगता है और आपकी परफॉर्मेंस डाउन (Performance Down) होती जाती है. वहीं ऑफिस का स्ट्रेस लाइफ को डिस्टर्ब करता है. ऐसे में कुछ तरीके अपना कर आप अपने स्ट्रेस को कम कर सकते है-
टाइम मैनेजमेंट बेहद जरूरी
ऑफिस की सबसे बड़ी टेंशन होती है समय पर पहुंचना और अपने काम के साथ टाइम मैनेजमेंट करना. टाइम के हिसाब से हमेशा काम करना ऑफिस की टेंशन से हमेशा आपको दूर रखेगा. इसलिए कोशिश करें कि आप समय पर ऑफिस पहुंचें और आज का काम कल पर न टालें.
जरूरी है ब्रेक लेना
ऑफिस में काम के बीच में ब्रेक लेते रहना चाहिए. लगातार बैठना स्ट्रेस बढ़ने का बड़ा कारण हो सकता है. बेहतर होगा कि आप काम के बीच बीच में थोड़ा ब्रेक जरूर लें और चाय या कॉफी लेते रहें.
लंच कैंटीन में ही करें
इस बात का पूरा ध्यान रखें कि आप लंच टाइम पर ही करें और अपनी डेस्क पर भूलकर भी लंच न करें. क्योंकि ऑफिस के काम के बीच लंच करने से सारा ध्यान काम पर रहता है. ऐसे में कोशिश करें की लंच इत्मिनान से कैंटीन में ही करें. यह तरीका स्ट्रेस कम करने में मददगार साबित होगा.
घूमने जरूर जाएं
रोज की वही दिनचर्या और लगातार काम भी जीवन में नीरसता लाता है. ऐसे में साल में एक बार या वीक एंड में कहीं बाहर घूमने जरूर जाएं. ये तरीका आपको ऑफिस के काम और तनाव से दूर रखने का बेहतरीन विकल्प हो सकता है.
किताबें हैं बेहतर विकल्प
अगर आप पढ़ने के शौकीन हैं तो अपने स्ट्रेस लेवल को कम करने के लिए किताबें जरूर पढ़ें. ऐसी किताबे पढ़ें, जो आपको पसंद हों और आपका तनाव दूर करने में मददगार हों. इससे आपका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा और जानकारी भी मिलेगी. (Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य जानकारी पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबधित विशेषज्ञ से संपर्क करें)
