सेना में शामिल होने का सुनहरा मौका , दुर्ग में मार्च महीने में होगी भर्ती

दुर्ग, छत्तीसगढ़। भारतीय थल सेना आगामी 3 मार्च से 12 मार्च 2021 तक पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम दुर्ग में थल सेना भर्ती रैली का आयोजन करेगा। इस भर्ती रैली में थल सेना रैली धमतरी जून 2020 हेतु 15 मई 2020 तक ऑनलाइन आवेदन करने वाले आवेदक शामिल हो सकते हैं। उक्त भर्ती रैली में हिस्सा लेने के लिए वेबसाइट www.joiningarmy.nic.in पर पंजीकृत आईडी एवं पासवर्ड के जरिये लॉगिन कर प्रवेश पत्र डाउनलोड किया जा सकता है।

जो आवेदक जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र बीजापुर के माध्यम से आवेदन पत्र दाखिए किये हैं, वे 18 फरवरी से उक्त कार्यालय में संपर्क कर प्रवेश पत्र पंजीकृत आईडी एवं पासवर्ड तथा भर्ती रैली सम्बन्धी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा अन्य आवेदक निर्धारित समय पर सुविधानुसार स्वयं या किसी निजी कम्प्यूटर सेंटर्स के जरिये उक्त वेबसाइट पर लॉगिन कर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। जिला रोजगार अधिकारी बीजापुर से मिली जानकारी के अनुसार उक्त थल सेना भर्ती रैली में सम्मिलित होने वाले जिले के आवेदकों को जिला प्रशासन की ओर से 23 फरवरी 2021 से मिनी स्टेडियम बीजापुर में भूतपूर्व सैनिकों के माध्यम से निःशुल्क प्रशिक्षण सह मार्गदर्शन प्रदान किया जायेगा।

इस हेतु इच्छुक आवेदक जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र बीजापुर में संपर्क कर सकते हैं। भर्ती रैली में शामिल होने वाले आवेदकों को वेबसाइट से डाउनलोड प्रवेश पत्र, सफेद बैकग्राउण्ड में खींचे गए पासपोर्ट आकार के 20 नग फोटो, 5वीं, 8वीं, 10वीं, 12वीं एवं अन्य शैक्षणिक योग्यता की अंकसूची, जाति, निवास प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, अविवाहित प्रमाण पत्र, नोटरी से तैयार शपथ पत्र, व्यक्तिगत बैंक खाता क्रमांक, पैनकार्ड, आधार कार्ड, टैटू सर्टिफिकेट, शासकीय अस्पताल का मेडिकल सर्टिफिकेट (कोविड-19 सहित) की मूलप्रति एवं छायाप्रति के साथ उपस्थित होना अनिवार्य है।

इसके साथ ही नेशनल केडेट कोर तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के खेलकूद प्रतियोगिता सम्बन्धी प्रमाण पत्र होने पर उसकी मूलप्रति एवं छायाप्रति प्रस्तुत कर सकते हैं। थल सेना भर्ती रैली में शामिल होने वाले आवेदक साढ़े 5 सेकण्ड में 1600 मीटर की दौड़, बीम पुलअप 10 बार, 9 फीट गड्ढा जम्पिंग, जिगजैग वॉक आदि आवश्यक शारीरिक दक्षता सम्बन्धी तैयारी नियमित रुप से कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *