चिटफंड निवेशकों का पैसा दिलाने तत्परता से काम कर रही है सरकार….शैलेश नितिन त्रिवेदी

प्रदेश कांग्रेस कमेटी संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने चिटफंड कंपनी के मामले में भाजपा नेताओं की बयानबाजी पर कहा है कि भाजपा अपनी 15 साल की सरकार के कार्यों पर नजर डाल ले। भाजपा द्वारा फर्जी चिटफंड कंपनियों को 15 साल तक संरक्षण देने और जनता के धन की लूट के लिए प्रोत्साहित करने के कृत्य को छुपाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार चिटफंड कंपनी निवेशकों एवं अभिकर्ताओं के पैसे वापस दिलाने हेतु लगातार काम कर रहे है। राज्य सरकार पूरी तत्परता से कार्यवाही कर रही है एवं चिटफंड कंपनियों की संपत्तियों को कुर्क करते हुए 17 हजार निवेशकों को 7 करोड़ की राशि वापस भी दी जा चुकी है। कांग्रेस सरकार चिटफंड निवेशकों का पैसा दिलाने के लिए उसी तत्परता से काम कर रही है जिस तत्परता से रमन सिंह की सरकार ने इन लुटेरों का साथ दिया। इन कंपनी के मालिकों पर कार्यवाही जारी है और इनकी संपत्तियों को कुर्क करते हुए इसकी राशि निवेशकों और अभिकर्ताओं को लौटाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 15 वर्षों के भाजपा के कार्यकाल में शासन के संरक्षण में प्रदेश में लगभग 350 से अधिक चिटफंड कंपनियों ने राज्य में अपने पैर पसारे। पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह और उनकी पत्नी एवं उनके तत्कालीन सांसद पुत्र व तत्कालीन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं वर्तमान नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक इन चिटफंड कंपनियों के कार्यालय उद्घाटन एवं कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *