कोरोना वैक्सीन लेने के बाद क्या आप पी सकते हैं शराब

कोरोना वैक्सीनेशन के दूसरे फेज की शुरुआत एक मार्च से हो चुकी है। पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के टीका लगवाने के बाद से अब तक लाखों लोग वैक्सीन लगवा चुके हैं। हालांकि, अभी सिर्फ वे ही लोग वैक्सीन लगवा सकेंगे, जिनकी उम्र 60 साल से अधिक है। वहीं, 45 साल से ज्यादा उम्र वाले ऐसे लोग, जिन्हें गंभीर बीमारियां हैं, वे भी टीका लगवा सकते हैं। अब जब आम जनता के लिए वैक्सीनेशन की शुरुआत हुई है, तो लोगों के मन में तरह-तरह के सवाल पैदा हो रहे हैं। इसी तरह के सवालों का केंद्र सरकार ने  जवाब दिया है। यहां पढ़ें सवाल और फिर उनके जवाब:

सवाल: क्या वैक्सीन लगवाने के बाद शराब नहीं पीनी चाहिए?
जवाब: स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक्सपर्ट्स के हवाले से बताया है कि वैक्सीन की प्रभावशीलता पर शराब का कोई भी गलत असर होने का सबूत नहीं सामने आया है।

सवाल: सोशल मीडिया पर दावे किए जा रहे हैं कि वैक्सीन महिला की प्रजनन क्षमता पर असर डाल सकती है? क्या यह सच है?
जवाब: सोशल मीडिया पर महिला की प्रजनन क्षमता पर असर डालने वाले होने वाले दावे पूरी तरह से गलत और निराधार हैं। मंत्रालय ने कहा, ”उपलब्ध टीकों में से कोई भी प्रजनन क्षमता को प्रभावित नहीं करता है। सभी टीकों को पहले जानवरों पर और बाद में मनुष्यों में परीक्षण किया जाता है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या उनका कोई दुष्प्रभाव है। उनकी सुरक्षा और प्रभावी होने का आश्वासन मिलने के बाद ही वैक्सीन को इस्तेमाल के लिए मंजूरी दी जाती है।”

सवाल: वैक्सीन लगवाने के बाद कौन सी सावधानियां बरतनी चाहिए?
जवाब: स्वास्थ्य मंत्रालय ने आश्वासन दिया है कि दोनों टीके सुरक्षित हैं लेकिन किसी भी असुविधा या शिकायत के मामले में लोगों को नजदीक के स्वास्थ्य सुविधा केंद्र पर जाने या हेल्थ वर्कर को कॉल करने की सलाह दी जाती है। उनका यह नंबर कोविन एसएमएस के जरिए से वैक्सीनेशन के बाद भी दिया जाता है।

सवाल: वैक्सीन लेने से पहले और बाद में कितनी देर तक कौन सी दवाइयों से बचना चाहिए?
जवाब: स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि इस तरह के कोई निर्देश नहीं हैं। कोई भी व्यक्ति नियमित रूप से दवा ले सकता है। आप जिन दवाओं का सेवन करते हैं, उनके बारे में बस वैक्सीनटर को बता दें।

सवाल: अगर मैं हाइपरटेंशन, डायबिटिक मेलिटस, क्रोनिक किडनी की बीमारी, दिल संबंधी बीमारी से पीड़ित हूं तो क्या वैक्सीन लेनी चाहिए?
जवाब: कुल मिलाकर दोनों वैक्सीन को-मॉर्बिडिटीज वाले लोगों पर भी सेफ और प्रभावी हैं। मंत्रालय ने कहा है कि अगर आपको किसी स्पेसिफिक वजह को लेकर चिंता है तो फिर अपने डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।

सवाल: अगर मुझे कोरोना रहा हो और ठीक हो गया हो, तो क्या मुझे वैक्सीन लेनी चाहिए?
जवाब: कोरोना होने के बाद इम्युनिटी का डेवलपमेंट होने की बात को स्थापित नहीं किया गया है। इस वजह से अगर किसी को कोरोना हो भी चुका हो, तो भी उसे वैक्सीन लेनी चाहिए। कोरोना से ठीक होने के 4-8 सप्ताह के बाद वैक्सीन लगवानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *