तीन साल की बच्‍ची का अपहरण कर पंजाब साथ भागी बुआ, प्रेमी के साथ अरेस्‍ट

फतेहपुर उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के फतेहपुर (Fatehpur) शहर के एक मुहल्ले से अपहृत तीन साल की बच्ची को पुलिस ने शुक्रवार को पंजाब (Punjab) के जालंधर (Jalandhar) से बरामद कर लिया और इस सिलसिले में पुलिस ने उसके अपहरण के आरोप में उसकी बुआ को उसके प्रेमी के संग गिरफ्तार किया है.

फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सतपाल अंतिल ने शनिवार को बताया कि फतेहपुर शहर के शांति नगर मुहल्ले की रहने वाली सहायक अध्यापिका की तीन साल की बच्ची मान्या तिवारी को तांबेश्वर मुहल्ले में रह रही उसकी बुआ निशू द्विवेदी (20) ने दो मार्च की दोपहर कथित रूप से अपहरण कर पंजाब के जालंधर शहर में रह रहे अपने प्रेमी के पास चली गई थी.

एसपीने बताया कि पुलिस की निगरानी टीम ने शुक्रवार को जालंधर पहुंच कर अपहृत बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया तथा इस सिलसिले में निशू और उसके प्रेमी नवदीप सिंह उर्फ गिन्नी (25) को गिरफ्तार कर लिया है.

अधिकारी के अनुसार पूछताछ में निशू ने पुलिस को बताया कि वह अपने प्रेमी से शादी करने के इरादे से घर से भागी थी और बच्ची को इसलिए साथ ले गई थी ताकि रास्ते में जाने और किसी होटल में दोनों पति-पत्नी के रूप में रुक सकें और किसी को शक न हो और बच्ची को नुकसान पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *